राज्यउत्तर प्रदेश

BCL 2026: रॉस टेलर बोले- भारत में प्रतिभाओं की कमी नहीं, बिग क्रिकेट लीग खिलाड़ियों को दे रही बड़ा मंच

BCL 2026: रॉस टेलर बोले- भारत में प्रतिभाओं की कमी नहीं, बिग क्रिकेट लीग खिलाड़ियों को दे रही बड़ा मंच

नोएडा। न्यूजीलैंड के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज Ross Taylor ने कहा है कि भारत में क्रिकेट प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन कई बार उचित सुविधाओं और अवसरों के अभाव में खिलाड़ी अपनी क्षमता के अनुरूप आगे नहीं बढ़ पाते। बिग क्रिकेट लीग (बीसीएल) जैसे टूर्नामेंट ऐसे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और पहचान बनाने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान कर रहे हैं।

ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित होटल एक्सपो इन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान मुंबई मरीन टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे रॉस टेलर ने कहा कि भारत में क्रिकेट का स्तर बेहद ऊंचा है और यहां प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की भरमार है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को सही दिशा, बेहतर प्रशिक्षण और प्रतिस्पर्धी अवसर मिलने पर वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।

रॉस टेलर ने आईपीएल में शानदार प्रदर्शन कर चुके Pravin Tambe का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने 41 वर्ष की उम्र में भी अपनी प्रतिभा के दम पर क्रिकेट जगत में पहचान बनाई और यह साबित किया कि प्रतिभा किसी उम्र की मोहताज नहीं होती। उन्होंने कहा कि भारत में खेलना हमेशा उनके लिए एक शानदार अनुभव रहा है।

गौरतलब है कि ग्रेटर नोएडा स्थित Shaheed Vijay Singh Pathik Sports Complex में 3 जून से 13 जून तक बिग क्रिकेट लीग (बीसीएल) का आयोजन किया जाएगा। इस लीग में छह टीमें खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी। टूर्नामेंट के पहले दिन और फाइनल मुकाबले के दिन एक-एक मैच खेला जाएगा, जबकि अन्य दिनों में दो-दो मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। 8 जून को प्रतियोगिता में अवकाश रहेगा।

लीग के संस्थापक एवं अध्यक्ष R. P. Singh ने बताया कि टूर्नामेंट में लगभग 90 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जिनमें 30 पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर और 60 शौकिया खिलाड़ी शामिल हैं। विजेता टीम को 50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।

लीग के सह-संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनिरुद्ध चौहान ने बताया कि इस प्रतियोगिता की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें विभिन्न पेशों से जुड़े लोग भी मैदान में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इनमें किसान, डिलीवरी बॉय, वकील, डॉक्टर, व्यवसायी, पत्रकार और कॉर्पोरेट क्षेत्र से जुड़े लोग शामिल हैं। इस वर्ष इम्पैक्ट प्लेयर की भूमिका शौकिया खिलाड़ियों को दी जाएगी। दर्शकों के लिए टूर्नामेंट में प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रखा गया है।

लीग के मुख्य संरक्षक पुनीत सिंह ने बताया कि प्रत्येक टीम में 10 शौकिया खिलाड़ी और 6 पूर्व पेशेवर खिलाड़ी शामिल होंगे। टूर्नामेंट में शौकिया खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष पुरस्कार योजना भी बनाई गई है। 30 रन बनाने वाले खिलाड़ी को 30 हजार रुपये, 50 रन बनाने पर 50 हजार रुपये, 75 रन बनाने पर एक लाख रुपये और शतक लगाने वाले खिलाड़ी को दो लाख रुपये की पुरस्कार राशि के साथ विशेष सम्मान प्रदान किया जाएगा।

इस अवसर पर Asghar Afghan और मुंबई मरीन टीम के खिलाड़ी Manan Sharma भी मौजूद रहे। आयोजकों का मानना है कि यह लीग उभरते खिलाड़ियों को अनुभवी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों के साथ खेलने का अवसर देकर भारतीय क्रिकेट को नई प्रतिभाएं देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Related Articles

Back to top button