Uttar Pradesh : मथुरा के गोवर्धन में फर्जी साधु बना मैकेनिकल इंजीनियर गिरफ्तार, युवतियों को नशा देकर दुष्कर्म और ब्लैकमेल का आरोप

Mathura : मथुरा के गोवर्धन क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां ऑनलाइन प्रवचन और भजन-कीर्तन के जरिए ऊंचे पैकेज वाली युवतियों को अपने जाल में फंसाने वाले एक फर्जी साधु भेषधारी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद मैकेनिकल इंजीनियर है, जो युवतियों को नशीला पदार्थ देकर उनके साथ दुष्कर्म करता था और अश्लील वीडियो व तस्वीरें बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करता था।

यह पूरा मामला तब प्रकाश में आया जब गोवर्धन थाना क्षेत्र के एक किराए के मकान में रहने वाली एक युवती की बहन ने एसएसपी श्लोक कुमार को प्रार्थना-पत्र सौंपा। शिकायत के अनुसार छत्तीसगढ़ की रहने वाली पीड़िता बीएससी नर्सिंग तृतीय सेमेस्टर की छात्रा है, जो 15 मई को मथुरा आई थी। मथुरा के राधाकुंड में पीड़िता की आईओसीएल में इंटर्नशिप कर रही बहन एक साधु के मकान में किराए पर रहती थी। यहां पीड़िता बहन के साथ अपना जन्मदिन मनाने आई थी। पीड़िता की बहन भजन-कीर्तन मंडली के माध्यम से कथित साधु अभिषेक मिश्रा के संपर्क में आई थी। 15 मई की रात अभिषेक ने पीड़िता को भगवान का प्रसाद बताकर दूध पिलाया, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह अचेत हो गई। बेहोशी की हालत में आरोपी ने उसके साथ अश्लील हरकतें कीं। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई।

पीड़िता किसी तरह वहां से निकलकर अपने घर छत्तीसगढ़ चली गई और उसने अपने साथ हुई हरकत की जानकारी मां को दी। लोक-लाज के डर से मां चुप रही। इसके बाद आरोपी ने पीड़िता को वीडियो कॉल कर 5 लाख रुपये की मांग की और पैसे न देने पर निजी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। इसके बाद पीड़िता ने पूरे मामले की जानकारी पिता को दी। पिता पीड़िता को मथुरा लाए और एसएसपी को पूरी घटना बताई। एसएसपी के आदेश पर थाना गोवर्धन में 25 मई को पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया और मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने जब मामले की जांच शुरू की तो चौंकाने वाले खुलासे हुए। पुलिस को पता चला कि आरोपी अभिषेक मिश्रा कई अन्य युवतियों के साथ इस तरह की हरकत कर चुका है। इसके बाद पुलिस ने अन्य पीड़ित युवतियों के परिवार वालों से बात की। आरोपी अभिषेक मिश्रा मूल रूप से ओडिशा का रहने वाला है और उसने वर्ष 2021 में रुड़की आईआईटी से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बी.टेक की डिग्री हासिल की थी। इसके बाद वह किसी कंपनी में 20 लाख के पैकेज पर नौकरी करने लगा। लेकिन कुछ समय बाद नौकरी छोड़कर वह पिछले तीन साल से गोवर्धन के राधाकुंड में मकान किराए पर लेकर रह रहा था।

पढ़ा-लिखा होने के कारण अभिषेक मिश्रा उर्फ अधिकार्ता नारायण दास ऑनलाइन प्रवचन के जरिए विशेष रूप से उन युवतियों को निशाना बनाता था जो बड़ी कंपनियों में अच्छे पैकेज पर नौकरी कर रही थीं। उन्हें अपने जाल में फंसाकर अपने पास बुलाता, नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म करता और फिर उनकी तस्वीरें व वीडियो खींच लेता था। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी इन अश्लील वीडियो और तस्वीरों के बल पर युवतियों से मोटी रकम वसूलता था। ब्लैकमेल कर ऐंठे गए इसी धन से उसने राधाकुंड में एक मकान खरीदा था, जिसमें उसने अपना कथित ‘आश्रम’ भी बना रखा था।

एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि पुलिस टीम ने सोमवार शाम को आरोपी अभिषेक मिश्रा को राधाकुंड स्थित उसके मकान से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मौके से दो युवतियों और एक बालक को सुरक्षित मुक्त कराया है, जिन्हें नशा मुक्ति केंद्र भेजा गया है। आरोपी पढ़े-लिखे युवक-युवतियों का गंधर्व विवाह कराता था। इसके बाद उन युवकों को अपने पास बुलाता और युवतियों का ब्रेनवाश कर उनके साथ शारीरिक संबंध बनाता था। आरोपी मुख्य रूप से बी.टेक पास ऐसी युवतियों को टारगेट करता था जो मल्टीनेशनल कंपनियों में काम करती थीं। आरोपी के मोबाइल से एक दर्जन से अधिक युवक-युवतियों की अश्लील तस्वीरें और वीडियो बरामद हुए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं को खंगालने में जुटी है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img