Greater Noida: कबाड़ गोदाम में भीषण आग, दो घंटे की मशक्कत के बाद दमकल ने पाया काबू
नोएडा। ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सुत्याना गांव के पास सीआरपीएफ कैंप के पीछे स्थित एक बड़े कबाड़ गोदाम में रविवार तड़के भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सुबह करीब चार बजे लगी इस आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और गोदाम में रखा लाखों रुपये का कबाड़ जलकर पूरी तरह राख हो गया। आग की ऊंची-ऊंची लपटें और घना धुआं कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था, जिससे आसपास के ग्रामीण और स्थानीय लोग दहशत में आ गए।
आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचित किया। सूचना पर फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। कबाड़ में प्लास्टिक, लोहा और अन्य ज्वलनशील सामान होने के कारण आग पर काबू पाना काफी चुनौतीपूर्ण रहा। दमकल कर्मियों को आग बुझाने में करीब दो घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी, जिसके बाद आग को पूरी तरह नियंत्रित किया जा सका।
गनीमत यह रही कि घटना के समय गोदाम के आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग से गोदाम मालिक को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि किसी शरारती तत्व द्वारा आग लगाई गई हो सकती है।
पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुटी हुई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। कोतवाली प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है और मामले की गहन जांच की जा रही है।


