New Delhi : 8 मार्च को दिल्ली मेट्रो की नई लाइनों का उद्घाटन और तीन कॉरिडोर का शिलान्यास करेंगे नरेंद्र मोदी

New Delhi : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 मार्च को दिल्ली में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर दिल्ली मेट्रो के दो नए कॉरिडोर मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर (पिंक लाइन) और दीपाली चौक से मजलिस पार्क (मैजेंटा लाइन) का उद्घाटन किया जाएगा। इसके साथ ही दिल्ली मेट्रो के फेज-V (ए) के अंतर्गत तीन नए कॉरिडोर के निर्माण का शिलान्यास भी किया जाएगा। इन परियोजनाओं की कुल लागत 18,300 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन प्रणाली और अधिक मजबूत होगी।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर सेक्शन की लंबाई 12.3 किलोमीटर है और इसमें 8 एलिवेटेड स्टेशन बनाए गए हैं। यह कॉरिडोर पहले से संचालित मजलिस पार्क-शिव विहार पिंक लाइन का हिस्सा है। इस सेक्शन के शुरू होने के बाद पिंक लाइन की कुल लंबाई लगभग 71.56 किलोमीटर हो जाएगी और दिल्ली को देश की पहली पूर्ण रूप से संचालित रिंग मेट्रो मिलेगी। इस कॉरिडोर में मजलिस पार्क, बुराड़ी, झड़ौदा माजरा, जगतपुर-वजीराबाद, सूरघाट, नानकसर-सोनिया विहार, खजूरी खास, भजनपुरा, यमुना विहार और मौजपुर-बाबरपुर स्टेशन शामिल होंगे।

उन्होंने बताया कि दीपाली चौक से मजलिस पार्क तक का कॉरिडोर मैजेंटा लाइन का हिस्सा है जिसकी लंबाई 9.92 किलोमीटर है और इसमें 7 एलिवेटेड स्टेशन बनाए गए हैं। यह कॉरिडोर पहले से संचालित बोटैनिकल गार्डन-कृष्णा पार्क एक्सटेंशन मैजेंटा लाइन का विस्तार है। इसके शुरू होने के बाद मैजेंटा लाइन की कुल लंबाई लगभग 49 किलोमीटर हो जाएगी। इस सेक्शन में दीपाली चौक, मधुबन चौक, उत्तरी पीतमपुरा-प्रशांत विहार, हैदरपुर गांव, हैदरपुर बादली मोड़, भलस्वा और मजलिस पार्क स्टेशन शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन दोनों कॉरिडोर के निर्माण में कई महत्वपूर्ण इंजीनियरिंग उपलब्धियां भी शामिल हैं। दीपाली चौक-मजलिस पार्क कॉरिडोर का एक हिस्सा लगभग 28.36 मीटर की ऊंचाई तक जाता है, जो दिल्ली मेट्रो के एलिवेटेड सेक्शनों में सबसे ऊंचे हिस्सों में से एक है। वहीं मजलिस पार्क-मौजपुर बाबरपुर कॉरिडोर के निर्माण में यमुना नदी पर नया पुल बनाया गया है और डबल-डेकर वायडक्ट तैयार किया गया है, जिसमें मेट्रो ट्रैक और सड़क फ्लाईओवर को एक साथ समाहित किया गया है। यह दिल्ली मेट्रो का यमुना नदी पर पांचवां पुल है।

रेखा गुप्ता ने बताया कि फेज-V (ए) के तहत तीन नए कॉरिडोर का शिलान्यास भी किया जाएगा। इनमें रामकृष्ण आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ तक सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर, एरोसिटी से इंदिरा गांधी एयरपोर्ट टर्मिनल-1 तक गोल्डन लाइन विस्तार और तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज तक गोल्डन लाइन विस्तार शामिल हैं।

रामकृष्ण आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ तक बनने वाले सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर की लंबाई 9.913 किलोमीटर होगी और यह पूरी तरह भूमिगत होगा। इसमें नौ नए स्टेशन बनाए जाएंगे, जिनमें आर.के. आश्रम मार्ग, शिवाजी स्टेडियम, युगे-युगेन भारत, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, कर्तव्य भवन, इंडिया गेट, वॉर मेमोरियल-हाई कोर्ट, बड़ौदा हाउस, भारत मंडपम और इंद्रप्रस्थ स्टेशन शामिल होंगे। यह कॉरिडोर कर्तव्य भवनों, भारत मंडपम और युगे-युगेन भारत संग्रहालय जैसे प्रमुख स्थलों को मेट्रो कनेक्टिविटी देगा।

एरोसिटी से इंदिरा गांधी एयरपोर्ट टर्मिनल-1 तक गोल्डन लाइन विस्तार की लंबाई 2.263 किलोमीटर होगी और यह भूमिगत बनाया जाएगा, जिसमें एक नया स्टेशन बनाया जाएगा और दोनों पहले से संचालित स्टेशनों को आपस में जोड़ा जाएगा। तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज तक गोल्डन लाइन विस्तार 3.9 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर होगा, जिसमें सरिता विहार डिपो, मदनपुर खादर और कालिंदी कुंज स्टेशन शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से एनसीआर के शहरों को भी बड़ा लाभ मिलेगा। फरीदाबाद और बल्लभगढ़ के निवासी वायलेट लाइन के जरिए तुगलकाबाद पहुंचकर गोल्डन लाइन से सीधे एयरपोर्ट टर्मिनल-1 तक यात्रा कर सकेंगे। वहीं नोएडा के यात्री मैजेंटा लाइन से कालिंदी कुंज पहुंचकर गोल्डन लाइन के माध्यम से एयरपोर्ट और दक्षिण दिल्ली के कई क्षेत्रों तक आसानी से पहुंच सकेंगे।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img