Noida farmers protest: किसान नेताओं को पुलिस ने किया हाउस अरेस्ट, एसीपी ने ज्ञापन लेकर किया रिहा

Noida farmers protest: किसान नेताओं को पुलिस ने किया हाउस अरेस्ट, एसीपी ने ज्ञापन लेकर किया रिहा

नोएडा में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन सौंपने की तैयारी कर रहे भारतीय किसान यूनियन (भानु) गुट के कई नेताओं को गुरुवार को पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया। हालांकि बाद में पुलिस अधिकारियों से बातचीत होने के बाद एसीपी प्रवीण कुमार ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन लेकर किसान नेताओं को रिहा कर दिया।

जानकारी के अनुसार गौतमबुद्ध नगर जिले के किसानों की कई लंबित समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भानु) के नेता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन देने की तैयारी कर रहे थे। इसी क्रम में भाकियू भानु के नोएडा अध्यक्ष राजवीर मुखिया के नेतृत्व में किसान नेता गुरुवार को अपनी मांगों को लेकर आगे बढ़ने वाले थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया और कई प्रमुख किसान नेताओं को उनके घरों और कार्यालयों में ही हाउस अरेस्ट कर लिया।

पुलिस ने नोएडा अध्यक्ष राजवीर मुखिया को उनके घर पर ही नजरबंद कर दिया। इसके अलावा संगठन के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सुभाष भाटी और राष्ट्रीय संगठन मंत्री मनोज चौधरी को भी उनके कार्यालय पर हाउस अरेस्ट कर लिया गया। इस कार्रवाई के बाद किसान नेताओं में नाराजगी देखने को मिली और उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी प्रतिक्रिया भी दी।

किसान नेताओं का कहना था कि गौतमबुद्ध नगर के किसानों की कई महत्वपूर्ण समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं, जिनका समाधान अभी तक नहीं किया गया है। किसानों की प्रमुख मांगों में आबादी से जुड़े मुद्दे, पांच और दस प्रतिशत प्लॉट, 64.7 प्रतिशत मुआवजा, गांवों में विकास कार्य, सर्किल रेट बढ़ाने और डूब क्षेत्र के लोगों को बिजली कनेक्शन देने जैसी समस्याएं शामिल हैं।

किसान नेताओं ने यह भी कहा कि इससे पहले किसानों के आंदोलन के बाद सरकार ने एक हाईपावर कमेटी का गठन किया था, लेकिन अभी तक उस कमेटी की सिफारिशों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। किसानों का आरोप है कि सरकार ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया और समाधान में लगातार देरी की जा रही है।

हालांकि बाद में पुलिस अधिकारियों और किसान नेताओं के बीच बातचीत हुई, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई। एसीपी प्रवीण कुमार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम संबोधित ज्ञापन किसान नेताओं से प्राप्त किया और इसके बाद सभी हाउस अरेस्ट किए गए नेताओं को रिहा कर दिया गया।

इस दौरान कई किसान नेता मौके पर मौजूद रहे। इनमें प्रेम सिंह भाटी, किट्टी प्रधान, सत्प्रकाश अवाना, राजकुमार, ऋतिक शर्मा, रवि पहलवान, वीरेंद्र, श्याम दीक्षित, सोनू अवाना, ओमी प्रधान, आकाश चौधरी और सुरेंद्र बंसल सहित अन्य लोग शामिल रहे।

ममूटी ने कहा कि उन्हें ‘मेगास्टार’ की उपाधि पसंद नहीं है, उन्हें लगता है कि उनके जाने के बाद लोग उन्हें याद नहीं रखेंगे

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img