TOFFI app launch: बच्चों को निकोटिन की लत से बचाएगा ‘टॉफी’ ऐप, स्कूल-कॉलेज होंगे तंबाकू मुक्त

TOFFI app launch: बच्चों को निकोटिन की लत से बचाएगा ‘टॉफी’ ऐप, स्कूल-कॉलेज होंगे तंबाकू मुक्त
युवाओं और बच्चों में तेजी से बढ़ रही तंबाकू और निकोटिन की लत को रोकने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। वर्ल्ड नो टोबैको डे 2026 के अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने ‘टोबैको-फ्री एजुकेशनल इंस्टीट्यूशंस’ यानी ‘टॉफी’ ऐप लॉन्च किया। इस डिजिटल प्लेटफॉर्म का उद्देश्य देशभर के स्कूलों और कॉलेजों को तंबाकू मुक्त बनाना है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार ‘टॉफी’ ऐप के जरिए शिक्षण संस्थान खुद अपनी तंबाकू मुक्त स्थिति की निगरानी कर सकेंगे और उसकी रिपोर्टिंग भी कर पाएंगे। इसके माध्यम से स्कूलों और कॉलेजों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर नजर रखी जाएगी और नियमों के पालन को मजबूत किया जाएगा।
सरकार ने फिलहाल इस ऐप का पायलट प्रोजेक्ट राजस्थान, महाराष्ट्र और मेघालय में शुरू किया है। इसके तहत शिक्षण संस्थानों के 100 गज के भीतर तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर रोक, चेतावनी बोर्ड लगाने, जागरूकता अभियान चलाने और सख्त निगरानी सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने कहा कि आजकल आकर्षक फ्लेवर, रंगीन पैकेजिंग और सोशल मीडिया प्रचार के जरिए बच्चों और युवाओं को निकोटिन उत्पादों की ओर आकर्षित किया जा रहा है। ऐसे में समय रहते सख्त कदम उठाना बेहद जरूरी हो गया है।
इस पहल के साथ सरकार ने तंबाकू उत्पादों की जांच और निगरानी को मजबूत करने के लिए नई एसओपी भी जारी की है। अधिकारियों का कहना है कि यह ऐप शिक्षण संस्थानों को तंबाकू मुक्त वातावरण बनाए रखने में मदद करेगा और बच्चों को कम उम्र में निकोटिन की लत से बचाने में अहम भूमिका निभाएगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि स्कूल और कॉलेज स्तर पर जागरूकता बढ़ाने से आने वाली पीढ़ी को तंबाकू और निकोटिन के खतरों से बचाया जा सकता है। सरकार की यह पहल युवाओं में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।





