Noida crime: शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म का आरोप, अश्लील वीडियो बनाकर दी जान से मारने की धमकी

Noida crime: शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म का आरोप, अश्लील वीडियो बनाकर दी जान से मारने की धमकी

नोएडा के कासना क्षेत्र में एक युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने, अश्लील फोटो और वीडियो बनाने तथा बाद में जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर कासना कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत में बुलंदशहर निवासी युवती ने बताया कि वर्ष 2021 में वह अपनी बहन के साथ गौतमबुद्ध नगर में किराये पर रहती थी। इसी दौरान उसकी पहचान दनकौर क्षेत्र के खेरली हाफिजपुर गांव निवासी जितेन्द्र से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और आरोपी ने युवती को शादी का भरोसा दिया।

पीड़िता का आरोप है कि जितेन्द्र लगातार उसे भरोसे में लेकर शादी का वादा करता रहा। युवती के अनुसार एक नवंबर 2024 को आरोपी उसे मंदिर ले गया और शादी करने की बात कही। इसके बाद वह उसे कासना क्षेत्र के सिरसा गांव में किराये के कमरे में रखकर साथ रहने लगा।

युवती ने आरोप लगाया कि आरोपी खुद को उसका पति बताकर लगातार शारीरिक संबंध बनाता रहा। इसी दौरान उसने उसकी अश्लील फोटो और वीडियो भी बना लिए। पीड़िता का कहना है कि बाद में उसे पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है।

शिकायत के अनुसार पांच अप्रैल 2026 को युवती की इंस्टाग्राम आईडी पर आरोपी की पत्नी ने मैसेज भेजे और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की। इसके बाद पीड़िता को पूरे मामले की जानकारी हुई। युवती का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने उसे धमकी दी और जान से मारने की बात कही।

पीड़िता ने पुलिस से न्याय की मांग करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अपील की है। कासना कोतवाली पुलिस ने युवती की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है। डिजिटल साक्ष्यों और अन्य तथ्यों को भी जांच में शामिल किया जाएगा। जांच पूरी होने के बाद आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img