Noida water crisis: नोएडा की लोटस जिंग सोसाइटी में पानी का संकट, 1200 परिवार तीन दिन से परेशान

Noida water crisis: नोएडा की लोटस जिंग सोसाइटी में पानी का संकट, 1200 परिवार तीन दिन से परेशान

नोएडा के सेक्टर-168 स्थित लोटस जिंग सोसाइटी में पिछले तीन दिनों से गंभीर जल संकट बना हुआ है। सोसायटी के 1200 से अधिक परिवारों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है, जिससे लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो गई है। निवासियों का आरोप है कि हर फ्लैट को सिर्फ एक बाल्टी पानी मिल रहा है, जिससे हालात बेहद खराब हो चुके हैं।

सोसायटी में रहने वाले लोगों का कहना है कि पानी की इतनी कमी है कि पीने, खाना बनाने और दैनिक जरूरतों को पूरा करना भी मुश्किल हो गया है। कई परिवारों को मजबूरी में निजी टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं। निवासियों के अनुसार, एक बाल्टी पानी से पूरे दिन का काम चलाना संभव नहीं है और हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने बताया कि इस समस्या को लेकर सोसायटी के व्हाट्सएप ग्रुप से लेकर परिसर तक लगातार बहस और नाराजगी का माहौल है। निवासी जिम्मेदार अधिकारियों और प्रबंधन से जवाब मांग रहे हैं, लेकिन उनका आरोप है कि न तो फोन उठाए जा रहे हैं और न ही समस्या का स्थायी समाधान किया जा रहा है।

सोसायटी के जिम्मेदारों का दावा है कि नोएडा प्राधिकरण की ओर से पर्याप्त पानी की आपूर्ति नहीं की जा रही है, जिसके कारण यह संकट पैदा हुआ है। वहीं निवासियों का कहना है कि समस्या पिछले तीन दिनों से लगातार बनी हुई है और अब स्थिति बेहद गंभीर हो चुकी है।

लोटस जिंग सोसाइटी में बड़ी संख्या में नौकरीपेशा लोग रहते हैं। लोगों को सुबह उठते ही पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। कई परिवारों ने कहा कि बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। पानी की कमी के कारण साफ-सफाई और अन्य घरेलू कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।

निवासियों ने प्रशासन और नोएडा प्राधिकरण से जल्द से जल्द समस्या का समाधान करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द राहत नहीं मिली तो वे प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

सोसायटी में पानी संकट की यह स्थिति अब स्थानीय प्रशासन और प्राधिकरण की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर रही है। फिलहाल लोग टैंकरों के सहारे अपनी जरूरतें पूरी करने की कोशिश कर रहे हैं।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img