Greater Noida : ग्रेटर नोएडा में जहर देकर 40 सुअरों को मारने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

Greater Noida : ग्रेटर नोएडा में जहर देकर 40 सुअरों को मारने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

ग्रेटर नोएडा के डाढा गांव में सुअर पालन करने वाले तीन भाइयों के 40 सुअरों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़ित परिवार ने पड़ोसियों पर सुअरों को जहर देकर मारने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

गांव निवासी राजीव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने भाइयों विनोद और विवेक के साथ मिलकर सुअर पालन का काम करते हैं। उनके प्लॉट में करीब 60 सुअर थे, जिनकी देखभाल और पालन-पोषण से ही परिवार की आजीविका चलती है।

राजीव के अनुसार बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े छह बजे वह सुअरों को खाना खिलाकर घर चला गया था। कुछ घंटे बाद जब वह करीब साढ़े नौ बजे वापस लौटा तो वहां का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। प्लॉट में मौजूद 40 सुअर मृत पड़े थे, जबकि बाकी जानवरों की हालत भी खराब बताई जा रही थी।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले राजेश और उसके पिता सुखवीर ने सुअरों को जहर दिया है। राजीव का कहना है कि आरोपी पहले भी कई बार सुअरों को वहां से हटाने की धमकी दे चुके थे। उन्होंने चेतावनी दी थी कि यदि सुअर नहीं हटाए गए तो वे अपने तरीके से उन्हें हटा देंगे।

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र शुक्ल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सुअरों की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच और रिपोर्ट के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना से सुअर पालन करने वाले परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से न्याय और मुआवजे की मांग की है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img