YouTube Blackmail Case नोएडा में दो यूट्यूब संचालकों पर फर्जी खबर और ब्लैकमेलिंग का मुकदमा

YouTube Blackmail Case नोएडा में दो यूट्यूब संचालकों पर फर्जी खबर और ब्लैकमेलिंग का मुकदमा
नोएडा। थाना सेक्टर-39 में जिला संयुक्त चिकित्सालय गौतमबुद्ध नगर के चिकित्सा अधीक्षक ने दो यूट्यूब चैनल संचालकों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि दोनों खुद को पत्रकार बताकर सरकारी अस्पताल प्रशासन को ब्लैकमेल करते थे और झूठी व भ्रामक खबरें प्रसारित कर अधिकारियों की छवि धूमिल करने की धमकी देते थे।
थाना सेक्टर-39 के प्रभारी निरीक्षक डीपी शुक्ल के अनुसार, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरविंद मलिक ने अपनी शिकायत में कहा है कि मनोज शर्मा और सूरज दीक्षित नामक व्यक्ति स्वयं को यूट्यूब पत्रकार बताते हैं और अस्पताल प्रशासन पर अनुचित सुविधाएं देने के लिए दबाव बनाते रहे हैं। शिकायत में उल्लेख है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं की जाती थीं तो वे अस्पताल और अधिकारियों के खिलाफ फर्जी व भ्रामक वीडियो प्रसारित करने की धमकी देते थे।
शिकायत के मुताबिक मनोज शर्मा पूर्व में भी जिला अस्पताल में अवांछित गतिविधियों में लिप्त रहा है और शिकायत के आधार पर जेल भी जा चुका है। वहीं सूरज दीक्षित की मां के बारे में भी आरोप है कि वह बिना वैधानिक आधार के अस्पताल परिसर में मौजूद रहकर अवांछित गतिविधियों में संलिप्त रही हैं, जिन्हें पहले चेतावनी दी जा चुकी है।
चिकित्सा अधीक्षक ने आरोप लगाया है कि जब उनकी अवैध मांगों को अस्वीकार किया गया, तो आरोपियों ने तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर एडिट किए गए वीडियो यूट्यूब और अन्य डिजिटल माध्यमों पर प्रसारित किए, जिससे अस्पताल प्रशासन और कर्मचारियों की सामाजिक व प्रशासनिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 221, 351(2), 356(2) तथा सूचना प्रौद्योगिकी (संशोधन) अधिनियम 2008 की धारा 66D के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ





