Insurance Office Dispute: बीमा कंपनी के कार्यालय में वरिष्ठ प्रबंधक से अभद्रता, जान से मारने की धमकी
नोएडा। सेक्टर-आठ स्थित एक निजी बीमा कंपनी के कार्यालय में वरिष्ठ प्रबंधक के साथ गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद पीड़ित अधिकारी ने फेज-वन थाने में एक नामजद और दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली के प्रीतमपुरा निवासी डॉ. चेतन तिवारी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह Tata AIG General Insurance के नोएडा कार्यालय में वरिष्ठ प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं। कंपनी में इन दिनों मेडिकल दावों से जुड़ी कुछ अनियमितताओं की जांच चल रही है। जांच के दौरान सामने आया कि कुछ पॉलिसी धारकों ने कथित रूप से गलत तरीके से मेडिकल क्लेम लिया है और एक ही बीमारी के नाम पर अन्य बीमा कंपनियों से भी दावा किया गया है।
इसी सिलसिले में ममता देवी नामक पॉलिसीधारक को पूछताछ के लिए कार्यालय बुलाया गया था। आरोप है कि वह स्वयं उपस्थित नहीं हुईं, बल्कि उनकी जगह तीन व्यक्ति कार्यालय पहुंचे। उनमें से एक ने अपना नाम संजय बताया और सवाल किया कि ममता को क्यों बुलाया गया है, जो भी बात है उनसे की जाए।
वरिष्ठ प्रबंधक के अनुसार उन्होंने स्पष्ट किया कि दावा ममता देवी के नाम से है, इसलिए औपचारिक बातचीत और जांच प्रक्रिया उन्हीं के साथ की जाएगी। इस बात पर संजय और उसके साथ आए दो अन्य लोग आक्रोशित हो गए। आरोप है कि तीनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर धक्का-मुक्की की। इतना ही नहीं, जाते-जाते उन्होंने जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के दौरान कार्यालय का माहौल तनावपूर्ण हो गया और अन्य कर्मचारियों को बीच-बचाव करना पड़ा। कर्मचारियों के हस्तक्षेप के बाद तीनों आरोपी वहां से चले गए। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि एक नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भारत और पाकिस्तान टी20 विश्व कप 2024 में दो बार आमने-सामने हो सकते हैं। जानिए कैसे


