मनीष सिसोदिया बोले- हरियाणा में AAP की बनी सरकार तो अरविंद केजरीवाल की गारंटी का मिलेगा फायदा

मनीष सिसोदिया बोले- हरियाणा में AAP की बनी सरकार तो अरविंद केजरीवाल की गारंटी का मिलेगा फायदा

रिपोर्ट: हेमंत कुमार

दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बुधवार को हरियाणा स्थित सोनीपत के गन्नौर में मेगा रोड शो के बाद पानीपत में जनसभा को संबोधित किया। रोड शो और जनसभा में लोगों की जबरदस्त भीड़ रही। इस दौरान समर्थकों ने ‘बदलेंगे हरियाणा का हाल, अब लाएंगे केजरीवाल’ के जमकर नारे लगाए। मनीष सिसोदिया ने हरियाणा की जनता से अपील करते हुए कहा कि इस बार आम आदमी पार्टी की सरकार बनवा दो, हरियाणा में भी दिल्ली-पंजाब की तरह बिजली के बिल जीरो आएंगे। अरविंद केजरीवाल ने मुफ्त बिजली, अच्छे स्कूल, अस्पताल, महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपए और युवाओं को नौकरी देने की गारंटी दी है। उनकी ये सारी गारंटी पूरी होंगी। उन्होंने दिल्ली और पंजाब में मुफ्त बिजली देने समेत अपनी सारी गारंटी पूरी करके दिखाया है और अब हरियाणा की बारी है। इस अवसर पर ‘आप’ हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता और वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा समेत अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

मनीष सिसोदिया ने कहा कि अरविंद केजरीवाल के ऊपर बजरंग बली की बहुत कृपा है। वह हनुमान जी के बड़े भक्त हैं। आज बजरंग बली के आशीर्वाद से ही मैं आप सबके बीच हूं। जिसके ऊपर बजरंग बली का हाथ हो और उसके लिए बाहर लोग हनुमान चालीसा का पाठ करें, उस पर कोई संकट नहीं आ सकता। मैं कोई गलत काम नहीं कर रहा था, बल्कि बच्चों के स्कूल बनवा रहा था। चोरी और डाका डालना भाजपा वालों का काम है। जिस दिन भाजपा वाले जेल जाएंगे उनको शर्म आएगी। मैं तो चौड़ा होकर रहता था, बजरंग बाण का पाठ करता था और जब जज साहब ने जमानत दी तो सीना चौड़ा करके बाहर आ गया। अरविंद केजरीवाल भी जल्द आपके बीच भाषण देने आएंगे।

मनीष सिसोदिया ने कहा कि अगर आप अपने बच्चों के लिए अच्छी शिक्षा चाहते हैं तो इस देश में अच्छी शिक्षा की केवल एक ही गारंटी है, वह है अरविंद केजरीवाल। दिल्ली के लोगों ने केजरीवाल पर भरोसा किया आज वहां शानदार स्कूल बन रहे हैं, जहां महंगे प्राइवेट स्कूलों से भी अच्छी शिक्षा मिल रही है। बच्चे आईआईटी में जा रहे हैं। उन्होंने प्राइवेट स्कूलों की फीस पर भी लगाम लगा रखी है। पंजाब के लोगों ने भरोसा किया तो वहां के स्कूल भी अच्छे हो रहे हैं। इस बार हरियाणा में वोट बच्चे की अच्छी शिक्षा के नाम पर पड़ने जा रहे हैं, क्योंकि स्कूलों को अच्छा करने की केजरीवाल की गारंटी हरियाणा में आ गई है।

 

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img