उत्तर प्रदेशराज्यराज्य

Uttar Pradesh : हापुड़ में NH-9 पर कपड़ा व्यापारी से 16.92 लाख की लूट, मामले में रिपोर्ट दर्ज

Hapur : हापुड़ में बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के NH-9 पर रविवार देर रात मुरादाबाद से कलेक्शन लेकर लौट रहे कपड़ा व्यापारी की कार को ओवरटेक कर दो बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर 16.92 लाख रुपये लूट लिए। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी गोली मारने की धमकी देकर भाग निकले। हालांकि शुरुआती जांच में 22 लाख रुपये की लूट की बात सामने आई थी। वहीं व्यापारी ने लूट के बाद दिल्ली पहुंचकर पुलिस को मामले की जानकारी दी। मामले में पुलिस गहनता से जांच कर रही है।

दिल्ली के थाना गांधी नगर की राजगढ़ कॉलोनी गली नंबर चार निवासी रतनलाल जैन का कपड़ों का कारोबार है। दर्ज रिपोर्ट में उन्होंने बताया कि रविवार देर शाम चालक लक्ष्य के साथ कार से मुरादाबाद और आसपास के क्षेत्र से पेमेंट की उगाही कर वापस दिल्ली लौट रहे थे। रात करीब 9:30 बजे जैसे ही हाईवे 9 पर बाबूगढ़ के पास शिवा ढाबे के पास पहुंचे तो अचानक पीछे से आई एक कार ने ओवरटेक कर उनकी कार को रोक लिया। इससे पहले कि व्यापारी कुछ समझ पाते, अचानक कार से उतरे दो नकाबपोश बदमाशों ने पिस्टल के बल पर आतंकित करते हुए उनकी कार में रखे दो थैलों में भरे 16.92 लाख रुपये लूट लिए। शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी देकर बदमाश फरार हो गए।

घटना से व्यापारी इतने दहशत में आ गए कि उन्होंने दिल्ली जाकर अपने एक भाजपा नेता दोस्त को अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। इसके बाद दिल्ली से हापुड़ पुलिस को मामले की सूचना दी गई। देर रात लूट की सूचना मिलते ही पुलिस के होश उड़ गए और मामले की जांच शुरू की गई। पहले व्यापारी घटना स्थल गढ़ कोतवाली बता रहे थे, लेकिन बाद में पता चला कि लूट बाबूगढ़ क्षेत्र में शिवा ढाबे के पास हुई है। एसपी ज्ञानंजय समेत अन्य अधिकारियों ने रात में ही मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने हाईवे पर लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली। इसके आधार पर पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार अभी तक की जांच में चालक की संलिप्तता पाई गई है और आशंका है कि उसने ही अपने परिजनों के साथ मिलकर इस लूट की घटना को अंजाम दिया है। अब पुलिस आरोपियों की तलाश और लूटी गई रकम की रिकवरी के लिए लगातार दबिश दे रही है। ऐसे में पुलिस जल्द ही घटना का खुलासा कर सकती है।

Related Articles

Back to top button