Delhi Crime: दिल्ली के गांधी नगर हत्या मामले में आरोपी 8 घंटे में गिरफ्तार, खून से सनी कैंची बरामद

Delhi Crime: दिल्ली के गांधी नगर हत्या मामले में आरोपी 8 घंटे में गिरफ्तार, खून से सनी कैंची बरामद
रिपोर्ट: रवि डालमिया
शाहदरा जिले की गांधी नगर थाना पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले को महज 8 घंटे के भीतर सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई खून से सनी कैंची और घटना के समय पहने गए खून लगे कपड़े भी बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक 5 जून को डॉ. हेडगेवार अस्पताल से सूचना मिली थी कि कृष्ण कुमार नामक व्यक्ति को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया है। उसके शरीर पर किसी नुकीले हथियार से हमला किए जाने के निशान थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस अस्पताल पहुंची, लेकिन घायल कृष्ण कुमार उस समय घटना के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका। बाद में वह अस्पताल से चला गया और कानूनी कार्रवाई करवाने से भी इनकार कर दिया।
अगले दिन 6 जून को जीटीबी अस्पताल से पुलिस को सूचना मिली कि इलाज के दौरान कृष्ण कुमार की मौत हो गई है। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हत्या के एंगल से जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक गांधी नगर इलाके के रघुवरपुरा-द्वितीय स्थित एक गारमेंट फैक्ट्री में काम करता था। पुलिस ने फैक्ट्री मालिक और कर्मचारियों से पूछताछ की, जिसमें खुलासा हुआ कि 4 जून की रात फैक्ट्री के अंदर कुछ कर्मचारी शराब पी रहे थे। इसी दौरान आपसी विवाद शुरू हो गया और मामला हिंसक झगड़े में बदल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार झगड़े के दौरान अरवाज नाम के युवक ने पहले टाइगर नामक कर्मचारी पर हमला किया और बाद में कृष्ण कुमार पर कैंची से कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल कृष्ण कुमार को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर 7 जून को गांधी नगर थाने में एफआईआर संख्या 216/2026 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया। इसके बाद मामले की जांच के लिए थाना गांधी नगर की विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय मुखबिरों और तकनीकी निगरानी की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार छापेमारी और निगरानी के बाद पुलिस ने आरोपी अरवाज (27 वर्ष), निवासी संगम विहार, दक्षिण दिल्ली को उत्तम नगर इलाके से गिरफ्तार कर लिया। खास बात यह रही कि आरोपी को एफआईआर दर्ज होने के केवल 8 घंटे के भीतर पकड़ लिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई खून से सनी कैंची और खून लगे कपड़े बरामद कर लिए। पुलिस अब बरामद सामान को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज रही है।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। पुलिस के अनुसार किशोरावस्था के दौरान आरोपी के खिलाफ वर्ष 2019 में संगम विहार थाने में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था।
शाहदरा जिला पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि घटना में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। पुलिस पूरे घटनाक्रम की हर पहलू से जांच कर रही है।
Seelampur Murder Case: दिल्ली के सीलमपुर में चाय पी रहे बुजुर्ग की चाकू से हत्या, आरोपी भी घायल





