West Asia Crisis Alert: सरकार सतर्क, LPG-पेट्रोल-डीजल की सप्लाई पूरी तरह सामान्य, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दी जानकारी

West Asia Crisis Alert: सरकार सतर्क, LPG-पेट्रोल-डीजल की सप्लाई पूरी तरह सामान्य, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दी जानकारी
नई दिल्ली में पश्चिम एशिया में बदलते हालात को देखते हुए केंद्र सरकार ने पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में मंत्रियों के अनौपचारिक समूह (IGoM) की अहम बैठक में देश की तैयारियों और आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की गई।
बैठक में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित कई वरिष्ठ मंत्री मौजूद रहे। बैठक में स्पष्ट किया गया कि देश में फिलहाल एलपीजी, पेट्रोल, डीजल, उर्वरक और अन्य जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी भी तरह की कमी की कोई रिपोर्ट नहीं है।
सरकार ने बताया कि एलपीजी की नियमित आपूर्ति जारी है और ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। पिछले 40 दिनों में स्ट्रेट ऑफ हार्मुज से भारतीय जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की गई है। इसके अलावा 8 एलपीजी जहाजों के माध्यम से लगभग 11 दिन की जरूरत के बराबर गैस का अतिरिक्त भंडारण भी किया गया है।
गरीब परिवारों को राहत देने के लिए 5 किलो एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति दोगुनी कर दी गई है, जबकि उद्योगों को लगभग 70 प्रतिशत एलपीजी आवंटित किया जा रहा है ताकि उत्पादन पर कोई असर न पड़े।
सरकारी योजनाओं के तहत पीएनजी कनेक्शन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। अब तक 3.16 लाख नए पीएनजी कनेक्शन जोड़े गए हैं, जबकि 16,700 से अधिक लोगों ने एलपीजी कनेक्शन सरेंडर कर स्वच्छ ऊर्जा की ओर कदम बढ़ाया है।
खाद्य सुरक्षा को लेकर भी सरकार ने भरोसा दिलाया है कि गेहूं और चावल का पर्याप्त बफर स्टॉक मौजूद है। जरूरत पड़ने पर भारतीय खाद्य निगम बाजार में अनाज उपलब्ध कराएगा। साथ ही खाद्य तेल और चीनी की उपलब्धता भी स्थिर बनी हुई है और कीमतों में किसी बड़े उछाल की संभावना नहीं है।
सरकार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी मंत्रालय समन्वय के साथ काम कर रहे हैं।





