Noida Food Safety Action: चिकन एग रोल कार्नर का पंजीकरण निरस्त, फूड पॉइजनिंग मामले में बड़ा एक्शन

Noida Food Safety Action: चिकन एग रोल कार्नर का पंजीकरण निरस्त, फूड पॉइजनिंग मामले में बड़ा एक्शन
नोएडा में चिकन एग रोल खाने के बाद चार लोगों के बीमार पड़ने के मामले में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने संबंधित स्टॉल का खाद्य पंजीकरण निरस्त कर दिया है और उसके संचालन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है।
जानकारी के अनुसार, सूरजपुर स्थित लोटस पार्क निवासी अनिल पासवान ने बताया कि उन्होंने रविवार शाम को जगत फार्म स्थित “रोशनी एग रोल” स्टॉल से चिकन एग रोल खरीदे थे। इसके कुछ ही घंटों बाद अनिल पासवान, उनकी बेटी और दो दोस्तों की तबीयत अचानक बिगड़ गई और सभी को तेज बुखार, उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी।
स्थिति गंभीर होने पर सभी को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, जहां डॉक्टरों ने फूड प्वाइजनिंग की पुष्टि की और इलाज शुरू किया।
घटना की सूचना मिलते ही खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंगलवार को स्टॉल का निरीक्षण किया और खाने के नमूने लेकर जांच के लिए भेज दिए। बुधवार को दोबारा निरीक्षण के दौरान टीम को प्रतिष्ठान में कई खामियां मिलीं, जिनमें साफ-सफाई की कमी प्रमुख रही।
इसके बाद खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने कार्रवाई करते हुए स्टॉल का पंजीकरण अग्रिम आदेशों तक निरस्त कर दिया और व्यवसाय संचालन पर रोक लगा दी।
विभाग के सहायक आयुक्त (द्वितीय) सर्वेश कुमार ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओपी सिंह की टीम ने जांच के बाद यह कार्रवाई की है। मामले की आगे जांच रिपोर्ट के आधार पर और कार्रवाई की जाएगी।





