Yamuna City Land Scam: भूखंड दिलाने के नाम पर 400 लोगों से 40 करोड़ की ठगी का आरोप, कोर्ट के आदेश पर FIR दर्ज

Yamuna City Land Scam: भूखंड दिलाने के नाम पर 400 लोगों से 40 करोड़ की ठगी का आरोप, कोर्ट के आदेश पर FIR दर्ज
नोएडा के यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र से जुड़े यमुना सिटी में भूखंड दिलाने के नाम पर बड़े पैमाने पर ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक प्राइवेट कंपनी और उसके संचालकों ने करीब 400 लोगों से लगभग 40 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की है। कोर्ट के आदेश के बाद थाना फेज-1 पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
देहरादून निवासी इंद्रदेव भट्ट ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह नोएडा की एक प्राइवेट कंपनी में कार्यरत हैं। आरोप है कि सितंबर 2024 में सेक्टर-2 में अर्बनेस्ट नामक कंपनी की ओर से लगाए गए कैनोपी में उन्हें यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र में विकसित भूखंड बेचने का प्रस्ताव दिया गया।
पीड़ित के अनुसार, कंपनी के कर्मचारी अनिल कुमार और अन्य लोगों ने उन्हें सेक्टर-2 स्थित कार्यालय बुलाया, जहां उनकी मुलाकात कंपनी के मालिक हुकुम सिंह, सिद्धांत वार्ष्णेय और अन्य से कराई गई। आरोप है कि इन लोगों ने यमुना प्राधिकरण से स्वीकृत नक्शे और दस्तावेज दिखाकर फलंदा बांगर क्षेत्र में विकसित भूखंड देने का झांसा दिया।
इसके बाद पीड़ित से 21 हजार 500 रुपये टोकन राशि के रूप में लिए गए और अप्रैल 2025 तक चेक और नकद के जरिए लगभग 25 लाख रुपये वसूले गए। बदले में उन्हें सड़क, नाली, सीवर और बिजली सुविधाओं वाले विकसित भूखंड का आश्वासन दिया गया।
पीड़ित का आरोप है कि बाद में उन्हें जिस जमीन का बैनामा कराया गया, वह विकसित भूखंड नहीं था। जांच कराने पर पता चला कि वह जमीन आबादी क्षेत्र में नहीं बल्कि नदी क्षेत्र में स्थित है। जब उन्होंने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी।
यह भी आरोप है कि इसी गिरोह ने अन्य लोगों से भी ठगी की, जिनमें सेक्टर-128 निवासी हरजोत सिंह कोहली से 11 लाख रुपये और फरीदाबाद निवासी चतुर्भुज कुशवाहा से 6 लाख रुपये शामिल हैं। पीड़ितों का कहना है कि करीब 400 लोगों से कुल लगभग 40 करोड़ रुपये की वसूली की गई है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।





