दिल्ली

CDSCO Drug Report: अप्रैल में 169 दवाएं गुणवत्ता जांच में फेल, एक नकली दवा भी पकड़ी

CDSCO Drug Report: अप्रैल में 169 दवाएं गुणवत्ता जांच में फेल, एक नकली दवा भी पकड़ी

नई दिल्ली। Central Drugs Standard Control Organization (सीडीएससीओ) ने अप्रैल 2026 की दवा गुणवत्ता जांच रिपोर्ट जारी की है। रिपोर्ट के अनुसार देशभर में जांचे गए कई दवा नमूने गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे। केंद्रीय प्रयोगशालाओं में 42 दवा नमूने और राज्य स्तरीय लैब में 127 नमूने ‘नॉट ऑफ स्टैंडर्ड क्वालिटी’ (NSQ) पाए गए हैं।

सीडीएससीओ के मुताबिक किसी दवा को एनएसक्यू घोषित करने का मतलब यह है कि संबंधित बैच गुणवत्ता के तय मानकों के एक या अधिक पैरामीटर पर फेल पाया गया। हालांकि इसका असर केवल उसी विशेष बैच तक माना जाता है और इससे उसी दवा के अन्य बैचों की गुणवत्ता पर सामान्य रूप से सवाल नहीं उठता।

रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि अप्रैल 2026 के दौरान बिहार से एक दवा नमूना ‘स्प्यूरियस’ यानी नकली पाया गया। जांच में पता चला कि किसी अनधिकृत निर्माता ने दूसरी कंपनी के ब्रांड नाम का इस्तेमाल कर दवा तैयार की थी। मामले में आगे जांच की जा रही है और संबंधित नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

सीडीएससीओ ने कहा कि राज्य औषधि नियामकों के सहयोग से नियमित निगरानी अभियान चलाए जाते हैं, ताकि घटिया और नकली दवाओं की पहचान कर उन्हें बाजार से हटाया जा सके और मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Related Articles

Back to top button