World Bicycle Day: विश्व साइकिल दिवस पर खेल मंत्री की युवाओं से अपील, साइक्लिंग को बनाएं जीवनशैली का हिस्सा

World Bicycle Day: विश्व साइकिल दिवस पर खेल मंत्री की युवाओं से अपील, साइक्लिंग को बनाएं जीवनशैली का हिस्सा

 

नई दिल्ली, 3 जून। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर केंद्रीय युवा एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने देश के युवाओं से साइकिलिंग को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि साइकिल चलाना केवल एक शारीरिक गतिविधि नहीं, बल्कि स्वस्थ, सक्रिय और जिम्मेदार जीवनशैली की पहचान है, जो व्यक्ति, समाज और देश तीनों के लिए लाभकारी है। डॉ. मांडविया ने कहा कि नियमित साइक्लिंग से न केवल शारीरिक फिटनेस बेहतर होती है, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य को भी सकारात्मक लाभ मिलता है। साइकिल चलाने से शरीर में ऊर्जा का स्तर बढ़ता है, हृदय स्वास्थ्य मजबूत होता है और तनाव कम करने में भी मदद मिलती है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपने दैनिक जीवन में साइकिल को शामिल करें और स्वस्थ भारत के निर्माण में योगदान दें। खेल मंत्री ने पर्यावरण संरक्षण के संदर्भ में भी साइकिलिंग के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि साइकिल परिवहन का सबसे सरल, किफायती और पर्यावरण-अनुकूल साधन है। इसके अधिक उपयोग से वायु प्रदूषण में कमी लाई जा सकती है और पेट्रोल-डीजल जैसे ईंधनों की खपत भी घटाई जा सकती है। इससे न केवल पर्यावरण को लाभ होगा बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए फिट इंडिया आंदोलन को ‘संडेज ऑन साइकिल’ जैसे जनभागीदारी आधारित अभियानों के माध्यम से नई ऊर्जा मिली है। देशभर में लाखों युवा इस अभियान से जुड़कर फिटनेस, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश फैला रहे हैं। यह पहल युवाओं को सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ा रही है। डॉ. मांडविया ने कहा कि आने वाले रविवार को आयोजित होने वाला ‘संडेज ऑन साइकिल’ कार्यक्रम विशेष रूप से विश्व साइकिल दिवस को समर्पित होगा। उन्होंने युवाओं से इस कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लेने, फिट इंडिया ऐप पर पंजीकरण कराने तथा अपने परिवार, मित्रों और समुदाय के अन्य लोगों को भी इस अभियान से जोड़ने की अपील की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यदि अधिक से अधिक लोग साइकिलिंग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएंगे तो देश में फिटनेस संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा, पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिलेगी और विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा। खेल मंत्री ने कहा कि एक स्वस्थ नागरिक ही एक मजबूत और समृद्ध राष्ट्र की नींव होता है, और साइकिलिंग इस दिशा में एक सरल लेकिन प्रभावी कदम है।

Hot this week

Mathura : अयोध्या-काशी की तर्ज पर संवरेगा ब्रज- सीएम योगी

Mathura : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या...

Lucknow : शिक्षकों के सम्मान में सभी वन प्रभाग लगाएंगे ‘एक पेड़ गुरु के नाम’

Lucknow : योगी सरकार ने एक तरफ पौधरोपण महायज्ञ-2026...

Topics

Mathura : अयोध्या-काशी की तर्ज पर संवरेगा ब्रज- सीएम योगी

Mathura : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या...
spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img