अजीत कुमार
उत्तर प्रदेश, नोएडा। सेक्टर-31 में 1980 के दशक में बने एक सरकारी आवास की छत अचानक गिर गई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। जानकारी के अनुसार, मकान की छत पर तीन मोटे स्लैब रखे थे, जो लंबे समय से पानी के रिसाव और रखरखाव के अभाव में कमज़ोर हो गए थे। रविवार को पानी के दबाव के कारण छत अचानक गिर गई।
घटना की सूचना मिलते ही प्राधिकरण के अधिकारी मौके पर पहुँच गए। महानगर प्रबंधक (सिविल) एस.पी. सिंह, महानगर प्रबंधक (निरीक्षण) मीना भागवत और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। टीम ने पाया कि वर्षों से मरम्मत न होने और लगातार पानी के रिसाव के कारण छत की मज़बूती कमज़ोर हो गई थी।
गौरतलब है कि सेक्टर-31 में एलआईजी श्रेणी के कुल 128 आवासीय फ्लैट बने हैं। इनमें से कई मकानों की हालत बेहद खराब हो चुकी है। नोएडा प्राधिकरण ने माना है कि जिन भवनों का रखरखाव नहीं किया गया और जिनके मूल ढांचे में बदलाव किए गए, वे अब जर्जर अवस्था में पहुँच गए हैं।
प्राधिकरण ने सभी आवंटियों से अपील की है कि वे तत्काल जर्जर मकान खाली कर सुरक्षित स्थानों पर चले जाएँ, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।


