Noida News: थाना-113 के बाहर फॉर्च्यूनर कार को लेकर भाई-बहन में विवाद, महिला ने किया हंगामा
नोएडा के थाना-113 के बाहर फॉर्च्यूनर एसयूवी के मालिकाना हक को लेकर भाई-बहन के बीच विवाद का मामला सामने आया है। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई और महिला ने सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार गाजियाबाद निवासी रजनी मलिक ने आरोप लगाया है कि उनके भाई जसवीर मान, जो दिल्ली के गौतम नगर के रहने वाले हैं, ने उनकी फॉर्च्यूनर कार पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया है। महिला ने पहले इस संबंध में इंदिरापुरम थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद गाजियाबाद पुलिस ने नोएडा पुलिस से संपर्क किया, जिसके बाद संबंधित वाहन को थाना-113 लाया गया।
थाने में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद बढ़ गया। वायरल वीडियो में महिला कार के पीछे सड़क पर बैठकर विरोध करती दिखाई दे रही है। मौके पर बड़ी संख्या में लोग भी एकत्र हो गए।
दूसरी ओर, जसवीर मान ने सभी आरोपों को गलत बताते हुए दावा किया कि उन्होंने यह कार 32 लाख रुपये में अपने साले को बेच दी थी। उनका कहना है कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार हैं।
पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। अधिकारियों के अनुसार कार के स्वामित्व और खरीद-बिक्री से जुड़े सभी दस्तावेजों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



