Operation Sindoor: ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने दुनिया को दिया भारत की ताकत का संदेश, राजनाथ बोले- नागरिकों की सुरक्षा के लिए किसी भी हद तक जाएगा भारत

Operation Sindoor: ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने दुनिया को दिया भारत की ताकत का संदेश, राजनाथ बोले- नागरिकों की सुरक्षा के लिए किसी भी हद तक जाएगा भारत
नई दिल्ली, 9 अगस्त: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने पूरी दुनिया को यह संदेश दिया है कि भारत अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार है। उन्होंने कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान में आतंकियों और उनके आकाओं के खिलाफ कार्रवाई कर देश की ताकत, साहस और संकल्प का परिचय दिया है। राजनाथ सिंह ने रविवार को दिल्ली कैंट स्थित बेस अस्पताल में ‘सिंदूर महारक्तदान यात्रा’ के तहत आयोजित रक्तदान शिविर को संबोधित करते हुए यह बात कही।
रक्षा मंत्री ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम का प्रतीक है, वहीं ‘सिंदूर महारक्तदान यात्रा’ सेवा, मानवता और करुणा की भावना को दर्शाती है। शिविर में महाराष्ट्र के करीब 1,000 पहलवानों और खिलाड़ियों ने रक्तदान किया। उन्होंने कहा कि इन लोगों द्वारा किया गया रक्तदान जरूरतमंद सैनिकों और उनके परिवारों के लिए भविष्य में महत्वपूर्ण साबित होगा।
राजनाथ सिंह ने रक्तदान को जीवनदान और महादान बताते हुए कहा कि मानव रक्त का अब तक कोई कृत्रिम विकल्प तैयार नहीं हो पाया है। ऐसे में रक्तदान के जरिए किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान को जीवन का हिस्सा बनाने और फिटनेस को प्राथमिकता देने की अपील की।
कार्यक्रम में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, आयुष राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव, उद्योग मंत्री उदय रविंद्र सामंत, सांसद डॉ. श्रीकांत लता एकनाथ शिंदे, थलसेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ, एएफएमएस महानिदेशक सर्जन वाइस एडमिरल आरती सरीन, एडजुटेंट जनरल लेफ्टिनेंट जनरल वीपीएस कौशिक और बेस अस्पताल के कमांडेंट मेजर जनरल विशाल चौधरी समेत कई वरिष्ठ सैन्य एवं नागरिक अधिकारी मौजूद रहे।
रक्षामंत्री ने कहा कि देश के सैनिकों और उनके परिवारों के लिए समाज का सहयोग महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं को राष्ट्रसेवा की भावना के साथ स्वस्थ और फिट रहने के लिए भी प्रेरित किया।




