Bihar : सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पर कोसी एक्सप्रेस के ब्रेक पैड में लगी आग, आधे घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

Saharsa (मृत्युंजय) : सहरसा-मानसी रेलखंड पर सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह हटिया-कोसी एक्सप्रेस के एक कोच के ब्रेक पैड में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। रेलवे कर्मियों और फायर ब्रिगेड की टीम ने तत्परता दिखाते हुए करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 18625 हटिया-कोसी एक्सप्रेस सुबह करीब 5:30 बजे सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पहुंची थी। ट्रेन अपने निर्धारित समय से करीब 1 घंटे 13 मिनट देरी से आई थी और स्टेशन पर करीब 43 मिनट तक रुकी रही। इसी दौरान एक कोच के पहिए के पास ब्रेक पैड जलने से आग की लपटें और धुआं निकलता दिखाई दिया।

रेलवे की रिपोर्ट के मुताबिक M/2-213815/SER नंबर वाले चेसिस कोच के पहिए से आग निकलती देखी गई। सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारियों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और करीब छह अग्निशामक यंत्रों का इस्तेमाल किया गया।

रेलवे के तकनीकी कर्मचारियों की जांच में ब्रेक ब्लॉक जाम होने की बात सामने आई। तकनीकी टीम ने स्थिति को नियंत्रित करने के बाद ट्रेन को सुबह करीब 6:13 बजे आगे के लिए रवाना कर दिया।

फायर ब्रिगेड के फायरमैन संतोष कुमार ने बताया कि कोसी एक्सप्रेस के ब्रेक पैड में आग लगने की सूचना मिलने के बाद टीम सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पहुंची। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया गया।

घटना के दौरान स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और लोगों के बीच कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। घटना में कोई यात्री घायल नहीं हुआ।

इस संबंध में समस्तीपुर रेल मंडल के डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका।

Hot this week

Bihar : रामकृष्णानगर में अपराधियों ने युवक को मारी गोली, इलाके में दहशत

Patna (मृत्युंजय) : राजधानी पटना में अपराधियों का तांडव...

Topics

Bihar : रामकृष्णानगर में अपराधियों ने युवक को मारी गोली, इलाके में दहशत

Patna (मृत्युंजय) : राजधानी पटना में अपराधियों का तांडव...
spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img