Noida Development: खुले नालों को कवर करने के साथ सेक्टर-149 की 75 मीटर सड़क का होगा सुदृढ़ीकरण
नोएडा। शहर में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए नोएडा प्राधिकरण की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में अनुरक्षण और विकास कार्य कराए जा रहे हैं। मुख्य कार्यपालक अधिकारी के निर्देश पर वर्क सर्किल-10 के अंतर्गत खुले नालों को कवर करने और सड़कों की स्थिति सुधारने का काम प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।
प्राधिकरण के अनुसार, विभिन्न सेक्टरों और ग्राम क्षेत्रों में खुले नालों को चिन्हित कर वहां मजबूत और सुरक्षित कवर लगाए जा रहे हैं। खुले नालों के कारण स्थानीय निवासियों और राहगीरों को दुर्घटना का खतरा रहता है। नालों को ढकने से यह जोखिम कम होने के साथ-साथ क्षेत्र की स्वच्छता और आवागमन व्यवस्था में भी सुधार होगा।
अधिकारियों द्वारा इन कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। प्राधिकरण का लक्ष्य निर्धारित मानकों के अनुरूप काम को समयबद्ध तरीके से पूरा कराना है।
इसके साथ ही वर्क सर्किल-10 के अंतर्गत सेक्टर-149 गोल चक्कर से शहीद भगत पार्क तक 75 मीटर चौड़ी सड़क के सुदृढ़ीकरण का कार्य भी कराया जा रहा है। सड़क के कई हिस्सों में सतह क्षतिग्रस्त होने के कारण ऊंच-नीच और गड्ढेनुमा हिस्से बन गए थे। इससे सड़क असमान हो गई थी और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हो रही थी।
समस्या को दूर करने के लिए क्षतिग्रस्त सड़क की सतह को दुरुस्त कर सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। सड़क के सेंट्रल वर्ज पर रंगाई-पुताई का कार्य भी कराया जा रहा है। इससे मार्ग का स्वरूप बेहतर होने के साथ सड़क की दृश्यता में भी सुधार होगा।
वर्तमान में सड़क सुदृढ़ीकरण का काम जारी है। अनुबंध में निर्धारित समय सीमा के भीतर इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। निर्माण कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और आमजन को कम से कम परेशानी हो, इसका भी ध्यान रखा जा रहा है।
नोएडा प्राधिकरण का कहना है कि सड़क, जल निकासी और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को आवश्यकता के आधार पर प्राथमिकता दी जा रही है। इन विकास कार्यों का उद्देश्य शहर में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के साथ लोगों को सुरक्षित और बेहतर आवागमन उपलब्ध कराना है।



