Crime: पीजी और किराये के मकानों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार
नोएडा। कोतवाली सेक्टर-58 पुलिस ने पीजी और किराये के मकानों में चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के पांच लैपटॉप, 10 मोबाइल फोन, चार हजार रुपये और दो चाकू बरामद किए हैं। मामले में तीन नाबालिगों को भी अभिरक्षा में लिया गया है।
एसीपी मयंक तिवारी के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मध्य प्रदेश के पन्ना निवासी सागर उर्फ राजा चौधरी और गाजियाबाद की खोड़ा कॉलोनी निवासी हसन के रूप में हुई है। दोनों की उम्र करीब 19 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर दोनों को जुबलियेट पार्क के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिल्ली-एनसीआर में पीजी और किराये के मकानों को निशाना बनाते थे। पहले वह ऐसे मकानों और कमरों की रेकी करते थे, जहां चोरी करना आसान हो। मौका मिलने पर कमरे में प्रवेश कर मोबाइल, लैपटॉप और अन्य कीमती सामान चोरी कर लेते थे।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से बरामद चार हजार रुपये चोरी किए गए लैपटॉप को बेचकर मिली रकम का हिस्सा है। पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन और लैपटॉप के संबंध में जानकारी जुटा रही है कि ये सामान किन स्थानों से चोरी किया गया था।
पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। साथ ही आरोपियों के आपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा है। तीन नाबालिगों को अभिरक्षा में लिए जाने के बाद पुलिस उनसे भी पूछताछ कर रही है।
पुलिस का कहना है कि गिरोह के सदस्यों द्वारा दिल्ली-एनसीआर में पीजी और किराये के मकानों को निशाना बनाए जाने की जानकारी सामने आई है। बरामद सामान के आधार पर चोरी की अन्य घटनाओं का भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

