Lloyd College: मारपीट मामले में कॉलेज निदेशक और रजिस्ट्रार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

Lloyd College: मारपीट मामले में कॉलेज निदेशक और रजिस्ट्रार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

नोएडा। नॉलेज पार्क कोतवाली क्षेत्र में एक युवक के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने लॉयड कॉलेज के निदेशक अखिलेश कुमार और रजिस्ट्रार धर्मेंद्र शर्मा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। मामले में युवक के पक्ष में अधिवक्ताओं के कोतवाली पहुंचने के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की।

इससे पहले बृहस्पतिवार को कॉलेज निदेशक की तहरीर पर पुलिस ने दो पूर्व छात्रों समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। अब दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जेएस फार्म नॉलेज पार्क-2 निवासी कुलदीप चौधरी ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि वह लॉयड कॉलेज के सामने स्थित फार्म पर आराम कर रहे थे। इसी दौरान कॉलेज के निदेशक अखिलेश कुमार और रजिस्ट्रार धर्मेंद्र शर्मा वहां पहुंचे।

कुलदीप का आरोप है कि दोनों ने उस पर नशे और गांजा बेचने का काम करने का आरोप लगाते हुए पूछताछ और धमकी देना शुरू किया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि मारपीट के दौरान उसके कपड़े फट गए और शरीर पर चोटें आईं।

वहीं, कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार के अनुसार कॉलेज के निदेशक और रजिस्ट्रार ने कुछ छात्रों को एक दुकान पर बैठे देखा था। उन्हें शक हुआ कि छात्र सिगरेट पी रहे हैं। इसके बाद दोनों छात्रों के बारे में जानकारी लेने के लिए पास के पुस्ते पर पहुंचे।

पुलिस के मुताबिक, वहां मौजूद कुलदीप चौधरी से दोनों की पूछताछ हुई। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। मामला बढ़ने पर कुलदीप के परिजन और अधिवक्ता विकास भी मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस दोनों पक्षों को कोतवाली लेकर आई।

पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में सामने आए आरोपों, घटनास्थल की परिस्थितियों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

 

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img