
Single use plastic Haryana: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सिंगल यूज़ प्लास्टिक के बढ़ते उपयोग पर जताई चिंता
रिपोर्ट: कोमल रमोला
चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीरवार को हरियाणा विधानसभा में सिंगल यूज़ प्लास्टिक के बढ़ते उपयोग पर गहरी चिंता व्यक्त की और इसके उपयोग को कम करने के लिए सभी को सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशभर में सिंगल यूज़ प्लास्टिक को बंद करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
नायब सिंह सैनी ने सदन में कहा कि यह एक अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है, इसलिए सभी जनप्रतिनिधियों को आमजन को जागरूक करना चाहिए कि प्लास्टिक का उपयोग न करें। उन्होंने बताया कि प्लास्टिक के अधिक उपयोग से कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने सदस्यों से आग्रह किया कि वे इस विषय पर आगे बढ़कर काम करें और इसके लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से नीतिगत पहल के साथ-साथ जन जागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे ताकि हरियाणा में सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग कम किया जा सके।
सैनी ने जोर देकर कहा कि पर्यावरण संरक्षण और जन स्वास्थ्य के लिए यह समय की मांग है कि सभी मिलकर प्लास्टिक के दुष्प्रभावों को रोकने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएं।



