उत्तर प्रदेश : हापुड़ में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन, दो लाख से अधिक नाम हुए निरस्त

Hapur News : हापुड़ में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत शुक्रवार को अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई, जिसमें बड़े पैमाने पर नामों में कटौती देखने को मिली है। प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार जिले में कुल 2,03,426 मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए गए हैं। इस संशोधन के बाद जनपद में कुल मतदाताओं की संख्या 11,56,699 से घटकर 9,53,273 रह गई है, जिससे मतदाता आधार में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है।

तहसीलवार आंकड़ों पर नजर डालें तो धौलाना विधानसभा क्षेत्र में पहले 4,23,154 मतदाता दर्ज थे, जो अब घटकर 3,47,391 रह गए हैं, यहां कुल 75,763 नाम हटाए गए हैं। हापुड़ विधानसभा क्षेत्र में भी मतदाताओं की संख्या 3,81,831 से घटकर 3,08,409 हो गई है, जहां 73,422 मतदाताओं के नाम सूची से काटे गए हैं। गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में भी यह प्रक्रिया जारी रही, जहां मतदाताओं की संख्या 3,51,714 से घटकर 2,97,473 रह गई और 54,241 नाम हटाए गए।

प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई मतदाता सूची को अधिक शुद्ध और अद्यतन बनाने के उद्देश्य से की गई है। इस दौरान मृत, स्थानांतरित और डुप्लीकेट नामों को चिन्हित कर सूची से हटाया गया है, जिससे भविष्य में चुनाव प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और निष्पक्ष बनाया जा सके। जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय ने बताया कि यह पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों के तहत संपन्न कराई गई है और इसमें सभी आवश्यक सावधानियां बरती गई हैं।

जिलाधिकारी ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम इस सूची में शामिल नहीं हो पाया है तो वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म 6 भरकर अपना नाम जुड़वा सकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल करने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी पात्र नागरिक को मतदान के अधिकार से वंचित नहीं होने दिया जाएगा।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img