Cyber Hawk 4.0 Delhi: दिल्ली में 48 घंटे के मेगा ऑपरेशन में 235 करोड़ की साइबर ठगी का खुलासा
रिपोर्ट: रवि डालमिया
राजधानी दिल्ली में साइबर क्राइम के खिलाफ एक बड़ी और सुनियोजित कार्रवाई को अंजाम देते हुए दिल्ली पुलिस ने ‘ऑपरेशन साइबर हॉक 4.0’ के तहत अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। इस 48 घंटे के मेगा ऑपरेशन में करीब 235 करोड़ रुपये की साइबर ठगी का खुलासा हुआ है, जिससे अपराधियों में हड़कंप मच गया है।
शाहदरा जिले के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह ऑपरेशन पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा के नेतृत्व में 6 अप्रैल सुबह 8 बजे से शुरू होकर 8 अप्रैल सुबह 8 बजे तक लगातार 48 घंटे तक चलाया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य साइबर अपराधियों के नेटवर्क पर सीधा और सख्त प्रहार करना था।
ऑपरेशन से पहले पुलिस ने व्यापक तैयारी की और संदिग्धों की पहचान की गई। इसके बाद शाहदरा जिले में 22 विशेष टीमों का गठन किया गया, जिन्होंने एक साथ कई राज्यों में छापेमारी की। यह कार्रवाई केवल दिल्ली तक सीमित नहीं रही, बल्कि मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश तक फैली रही, जिससे इस नेटवर्क के बड़े दायरे का खुलासा हुआ।
इस मेगा ऑपरेशन के दौरान कुल 281 लोगों को राउंड-अप किया गया, जिनमें से 34 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 38 लोगों को बाउंड डाउन किया गया और कुल 72 लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की गई। वहीं 81 लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं।
जांच में सामने आया कि इस कार्रवाई के दौरान 18 पुराने और 38 नए साइबर क्राइम के मामले जुड़े हुए पाए गए। इसके साथ ही एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज 322 शिकायतों का लिंक भी इन अपराधियों से मिला है, जो इस नेटवर्क के बड़े पैमाने पर सक्रिय होने का संकेत देता है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 23 मोबाइल फोन, एक वाई-फाई राउटर, कई बैंक किट्स और 18 फर्जी आधार कार्ड बरामद किए हैं। ये सभी उपकरण साइबर ठगी के नेटवर्क को संचालित करने में इस्तेमाल किए जा रहे थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी लोगों को ऑनलाइन ठगी के जरिए निशाना बनाते थे और विभिन्न तरीकों से पैसे निकालते थे।
दिल्ली पुलिस का यह ऑपरेशन एक स्पष्ट संदेश देता है कि साइबर अपराधियों के खिलाफ अब और सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि यह केवल शुरुआत है और जांच अभी जारी है। आने वाले समय में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे ऑनलाइन लेन-देन करते समय सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें, ताकि साइबर अपराध पर प्रभावी तरीके से अंकुश लगाया जा सके।


