Noida crime: लोगों ने घेरा तो बाइक छोड़कर फरार हुआ मोबाइल झपटमार

Noida crime: लोगों ने घेरा तो बाइक छोड़कर फरार हुआ मोबाइल झपटमार

नोएडा के सेक्टर-122 में शनिवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब राह चलते एक व्यक्ति से मोबाइल झपटकर भाग रहे बाइक सवार बदमाश को लोगों ने घेर लिया। खुद को फंसता देख बदमाश मौके पर ही बाइक छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। भागते समय बदमाश के हाथ से लूटा हुआ मोबाइल भी गिर गया, जिसे पीड़ित ने मौके पर ही बरामद कर लिया। घटना की सूचना तत्काल सेक्टर-113 थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बाइक को कब्जे में ले लिया। बाइक पर कोई नंबर प्लेट नहीं लगी होने के कारण उसके मालिक की पहचान करने में पुलिस को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और आसपास के थानों में जानकारी जुटाई जा रही है।

पीड़ित की पहचान सेक्टर-122 निवासी मधुर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मधुर शनिवार रात पैदल कहीं जा रहे थे, तभी उनके मोबाइल पर एक परिचित की कॉल आ गई। उन्होंने जेब से मोबाइल निकालकर बात करना शुरू किया, इसी दौरान पीछे से आए बाइक सवार बदमाश ने अचानक उनका मोबाइल झपट लिया और तेज रफ्तार में भागने लगा। पीड़ित ने शोर मचाते हुए बदमाश का पीछा किया, जिसे सुनकर आसपास मौजूद लोग भी सतर्क हो गए और बदमाश को घेर लिया। खुद को चारों ओर से घिरा देख बदमाश बाइक और मोबाइल छोड़कर फरार हो गया।

घटना के बाद पीड़ित ने सेक्टर-113 थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भी बाइक की फोटो साझा की गई है, जिसमें यूपी पुलिस, नोएडा पुलिस और डीजीपी उत्तर प्रदेश को टैग किया गया है। सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया गया है कि यह वारदात दिनदहाड़े की गई, जिससे इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। सेक्टर-113 थाना प्रभारी ने बताया कि फरार बदमाश की तलाश की जा रही है और बाइक के जरिए आरोपी तक पहुंचने के प्रयास जारी हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img