उत्तर प्रदेशराज्य

Jewar Airport Visit: सीएम योगी कल जेवर पहुंचेंगे, एयरपोर्ट लोकार्पण तैयारियों का करेंगे निरीक्षण

Jewar Airport Visit: सीएम योगी कल जेवर पहुंचेंगे, एयरपोर्ट लोकार्पण तैयारियों का करेंगे निरीक्षण

नोएडा में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इसी कड़ी में योगी आदित्यनाथ 22 मार्च को जेवर पहुंचकर एयरपोर्ट के प्रस्तावित लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे।

बताया जा रहा है कि नरेंद्र मोदी 28 मार्च को इस एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे, जिसे उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

सीएम के दौरे से पहले तैयारियों को लेकर एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह, औद्योगिक विकास आयुक्त दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव ईशान प्रताप सिंह, जिलाधिकारी मेधा रूपम और यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सीईओ राकेश कुमार सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक मैनेजमेंट, पार्किंग, जनभागीदारी और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को भव्य, सुव्यवस्थित और ऐतिहासिक बनाया जाए।

विधायक धीरेन्द्र सिंह ने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि कार्यक्रम में आने वाले लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने आवागमन, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए, ताकि बड़ी संख्या में आने वाले लोग आसानी से कार्यक्रम में शामिल हो सकें।

उन्होंने कहा कि यह अवसर गौतमबुद्ध नगर ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गौरव का क्षण है और इसे सफल बनाने के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ काम करना होगा।

प्रशासन का लक्ष्य है कि एयरपोर्ट का उद्घाटन कार्यक्रम एक ऐतिहासिक आयोजन बने और यह परियोजना प्रदेश के विकास की नई दिशा तय करे।

Related Articles

Back to top button