Delhi Flood Control: दिल्ली में फ्लड कंट्रोल मॉनिटरिंग सेंटर का निर्माण शुरू, बाढ़ प्रबंधन हुआ सुदृढ़

Delhi Flood Control: दिल्ली में फ्लड कंट्रोल मॉनिटरिंग सेंटर का निर्माण शुरू, बाढ़ प्रबंधन हुआ सुदृढ़
रिपोर्ट: रवि डालमिया
राजधानी दिल्ली में बाढ़ नियंत्रण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आधुनिक फ्लड कंट्रोल मॉनिटरिंग सेंटर का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। शास्त्री नगर स्थित एल.एम. बंड ऑफिस कॉम्प्लेक्स में बने इस सेंटर का उद्देश्य बाढ़ के मौसम के दौरान स्थिति की निगरानी, संबंधित विभागों के बीच समन्वय और आपातकालीन प्रबंधन को सुदृढ़ करना है।
इस परियोजना का शिलान्यास दिल्ली सरकार के सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री परवेश वर्मा ने किया। इस अवसर पर अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रही। मंत्री ने कहा कि यह नया सेंटर बाढ़ के समय हालात पर नजर रखने और विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
परियोजना की अनुमानित लागत लगभग 355.72 लाख रुपये थी, जबकि टेंडर प्रक्रिया के बाद निर्माण कार्य 256.12 लाख रुपये में स्वीकृत हुआ। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी एकता सर्विसेज एजेंसी को सौंपी गई है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार यह कार्य 9 फरवरी 2026 से शुरू हो चुका है और इसे 15 जून 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
करीब 294 वर्ग मीटर क्षेत्र में बनने वाले भवन को बहुउद्देश्यीय डिजाइन के तहत तैयार किया गया है। ग्राउंड फ्लोर पर अत्याधुनिक फ्लड कंट्रोल रूम बनाया जाएगा, जहां बाढ़ के दौरान स्थिति पर नजर रखी जाएगी और संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित होगा। पहली मंजिल पर 50 लोगों की क्षमता वाला कॉन्फ्रेंस और मीटिंग रूम बनाया जाएगा, जिसमें अधिकारियों की बैठकें, ब्रीफिंग और आपातकालीन समन्वय से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जा सकेंगी। दूसरी मंजिल पर कर्मचारियों के लिए दो रेस्ट रूम बनाए जाएंगे, ताकि बाढ़ के दौरान ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को आराम और सुविधाएं मिल सकें।
इस परियोजना में सभी आवश्यक सिविल, स्ट्रक्चरल और फिनिशिंग कार्य शामिल किए गए हैं। अधिकारियों का मानना है कि नया फ्लड कंट्रोल मॉनिटरिंग सेंटर राजधानी में बाढ़ प्रबंधन प्रणाली को मजबूत करेगा और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेने में मदद करेगा। शाहदरा बीजेपी जिला अध्यक्ष दीपक गाबा ने कहा कि पहले बाढ़ की स्थिति में अधिकारियों के पास उचित स्थान नहीं था और जर्जर कमरे से ही कार्य किया जाता था। मंत्री परवेश वर्मा और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर यह आधुनिक सेंटर बनाया जा रहा है, जिससे भविष्य में संभावित बाढ़ से निपटने में प्रशासन को बेहतर सुविधा मिलेगी।
‘कोटा फैक्ट्री’ सीजन 3: जितेंद्र कुमार की दमदार ड्रामा नेटफ्लिक्स पर आएगी, रिलीज डेट सामने आई



