राज्यउत्तर प्रदेशराज्य

उत्तर प्रदेश : बातों में फंसाकर कुंडल ठगने वाला गिरोह बेनकाब, दो आरोपी गिरफ्तार

Hapur News : जनपद हापुड़ में नगर कोतवाली पुलिस ने महिलाओं को झांसे में लेकर आभूषण ठगने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगा गया एक कुंडल, 4360 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त कार बरामद की है, जबकि गिरोह की एक महिला सदस्य अभी फरार है जिसकी तलाश जारी है।

Related Articles

नगर के मोहल्ला राजीव विहार निवासी कल्पना गर्ग ने कोतवाली में दर्ज कराए मुकदमे में बताया था कि 18 फरवरी की शाम वह घरेलू सामान लेने बाजार जा रही थीं। कोठी गेट स्थित खरबंदा गारमेंट्स के पास पहुंचने पर एक अज्ञात पुरुष और महिला ने उन्हें बातों में उलझाकर बहला-फुसलाया और उनके दोनों कुंडल लेकर फरार हो गए। यह पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी।

थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम का गठन कर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि टप्पेबाजी करने वाले गिरोह के सदस्य चितौली कट के पास से गुजरने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एक संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देख आरोपी भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों की पहचान नई दिल्ली के जे जे कॉलोनी रघुवीर नगर, थाना ख्याला निवासी राजू और रिशाल गार्डन गली नंबर 12, थाना निहाल विहार निवासी मुकुल उर्फ मोंटी के रूप में हुई। दोनों ने स्वीकार किया कि वे टप्पेबाजी करने वाले गिरोह के सदस्य हैं और भोले-भाले लोगों, खासकर महिलाओं को बातों में फंसाकर उनके आभूषण ठग लेते थे।

पुलिस के अनुसार गिरोह में एक महिला सदस्य भी शामिल है जो वारदात में अहम भूमिका निभाती है और फिलहाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button