Badalpur: बादलपुर में शुरू हुआ डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन, जीरो वेस्ट गांव बनने की दिशा में बड़ा कदम

Badalpur: बादलपुर में शुरू हुआ डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन, जीरो वेस्ट गांव बनने की दिशा में बड़ा कदम
नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बादलपुर गांव को जीरो वेस्ट और आत्मनिर्भर गांव बनाने की दिशा में एक अहम पहल शुरू की है। गांव में अब डोर टू डोर कचरा संग्रहण की औपचारिक शुरुआत कर दी गई है। इस योजना को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा फीडबैक फाउंडेशन के सहयोग से लागू किया जा रहा है। प्राधिकरण की ओर से उपलब्ध कराए गए विशेष वाहनों के माध्यम से अब गांव के हर घर से नियमित रूप से कचरा एकत्र किया जाएगा। इससे खुले में कचरा फेंकने की समस्या पर रोक लगेगी और गांव की साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होगा।
इस पहल को प्रभावी बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग और फीडबैक फाउंडेशन के साथ बैठक की गई, जिसमें यह तय किया गया कि गांव से एकत्र किए जाने वाले सूखे कचरे को गांव में स्थित मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी सेंटर में ले जाकर अलग-अलग श्रेणियों में सेग्रीगेट किया जाएगा। इसके बाद इस कचरे को रीसाइक्लिंग की प्रक्रिया से गुजारा जाएगा, जिससे कचरे की मात्रा में कमी आएगी और उससे उपयोगी उत्पाद तैयार किए जा सकेंगे। इस पूरी प्रक्रिया से पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
बादलपुर को जीरो वेस्ट गांव बनाने के लिए जनभागीदारी को बेहद जरूरी माना गया है। इसी उद्देश्य से फीडबैक फाउंडेशन की टीम ने गांव में घर-घर जाकर ग्रामीणों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने के लिए जागरूक किया। ग्रामीणों को कचरा पृथक्करण के सही तरीके समझाए गए और स्वच्छ वातावरण से होने वाले स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी गई। ग्रामीणों ने भी इस पहल में रुचि दिखाई और सहयोग का भरोसा दिलाया।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने कहा कि यह पहल न केवल बादलपुर की स्वच्छता और पर्यावरण सुधार के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि आसपास के अन्य गांवों के लिए भी एक प्रेरणादायक मॉडल साबित होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इस तरह के प्रयासों से ग्रेटर नोएडा क्षेत्र को और अधिक स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल बनाया जा सकेगा।
Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ





