ऊंची बिल्डिंग के शीशे साफ करते हुए टूटा ट्राला, वीडियो वायरल

अमर सैनी

नोएडा। नोएडा की एक हाईराइज बिल्डिंग में शनिवार को उस वक्त दो मजदूरों की जान पर बन आई, जब शीशा सफाई के दौरान जिस ट्राले पर वो खड़े होकर काम कर रहे थे, उसके एक सिरे की रस्सी टूट गई। इसके बाद उसमें खड़े मजदूर ट्राले के साथ हवा में एक तरफ लटक गए। हालांकि ऊपर खड़े मजदूरों ने तत्काल बचाव कार्य करते हुए ट्राले में खड़े मजदूरों को ऊपर खींचकर उनकी जान बचा ली।

ये हादसा नोएडा के सेक्टर 62 में हुआ, जहां भूटानी बिल्डर का एक प्रोजेक्ट निर्माणाधीन है। इसी प्रोजेक्ट की एक बिल्डिंग पर शीशा साफ करने का काम किया जा रहा था। इसके लिए एक ट्रॉला रस्सियों के सहारे नीचे लटकाया गया था। जिस पर दो मजदूर बैठकर उस बिल्डिंग के शीशे साफ कर रहे थे। इसी दौरान अचानक एक तरफ की रस्सी टूट गई और ट्राला हवा में एक तरफ लटक गया। लेकिन गनीमत ये रही कि मजदूरों भी रस्सी बांधकर काम कर रहे थे, जिससे वे ट्राले के एक तरफ झुकने पर गिरे नहीं, वर्ना एक बड़ा हादसा होने की आशंका थी। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हवा में लटके ट्राले और ऊपर खड़े मजदूरों को मुश्किल में फंसे मजदूरों को बचाते हुए देखा जा सकता है। थाना सेक्टर-58 प्रभारी ने बताया कि इस मामले में मजदूर और बिल्डर किसी की ओर से किसी तरह की कोई शिकायत नहीं मिली है।

 

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img