Nasha Mukt Bharat: नशे के खिलाफ अभियान हुआ तेज, 29.68 करोड़ लोगों तक पहुंची जागरूकता, 765 पुनर्वास केंद्रों को सहायता
नई दिल्ली। देश को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने जागरूकता, उपचार और पुनर्वास सेवाओं को और अधिक मजबूत करने के लिए व्यापक अभियान तेज कर दिया है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अनुसार नशा मुक्त भारत अभियान के तहत अब तक 29.68 करोड़ से अधिक लोगों तक जागरूकता कार्यक्रम पहुंचाए जा चुके हैं।
लोकसभा में दी गई जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय मादक द्रव्य मांग न्यूनीकरण कार्य योजना (NAPDDR) के तहत देशभर में 765 नशा मुक्ति, उपचार और पुनर्वास केंद्रों को सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा ने बताया कि नई मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी), डिजिटल सेवाओं और मोबाइल ऐप के माध्यम से उपचार सेवाओं तक लोगों की पहुंच पहले की तुलना में अधिक आसान हुई है। सरकार का कहना है कि लाखों लोगों के उपचार और पुनर्वास के साथ नशे के खिलाफ जनभागीदारी भी लगातार मजबूत हो रही है।



