
New Delhi : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को ‘मेरा भारत, मेरा योगदान’ जन-अभियान के तहत शुरू की गई ‘मेट्रो मंडे’ पहल में भाग लेते हुए सार्वजनिक परिवहन, ईंधन संरक्षण और जिम्मेदार नागरिक भागीदारी का संदेश दिया। मुख्यमंत्री की अपील पर दिल्ली सरकार के मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने भी अपने कार्यालय पहुंचने के लिए मेट्रो और दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की बसों का उपयोग किया।

मुख्यमंत्री ने दिन की शुरुआत जनभागीदारी के संदेश के साथ की। वह अपने आवास से लोक निवास में उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू की अध्यक्षता में आयोजित बैठक के लिए पैदल पहुंचीं। इसके बाद उन्होंने इलेक्ट्रिक कार से कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन तक यात्रा की और वहां से आईटीओ मेट्रो स्टेशन तक दिल्ली मेट्रो सेवा का उपयोग किया। आईटीओ स्टेशन पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने दिल्ली सचिवालय तक जाने के लिए फीडर बस सेवा ली। इस दौरान कैबिनेट मंत्री प्रवेश साहिब सिंह और रविन्द्र इंद्राज भी उनके साथ मौजूद रहे।
रेखा गुप्ता ने कहा कि ‘मेरा भारत, मेरा योगदान’ अभियान केवल सरकारी पहल नहीं, बल्कि जनभागीदारी का आंदोलन है। इसका उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को यह संदेश देना है कि राष्ट्रहित में किया गया छोटा-सा प्रयास भी देश की ऊर्जा सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक संतुलन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से ईंधन बचत, सार्वजनिक परिवहन के उपयोग और जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने की अपील की गई है, जिसे दिल्ली सरकार जन-अभियान के रूप में आगे बढ़ा रही है। ‘मेट्रो मंडे’ इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से लोगों को सप्ताह में कम-से-कम एक दिन सार्वजनिक परिवहन अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार सरकारी स्तर पर भी कई बड़े कदम उठा रही है। इनमें सप्ताह में दो दिन वर्क फ्रॉम होम व्यवस्था, सरकारी वाहनों के उपयोग में कटौती, ऑनलाइन बैठकों को बढ़ावा और सार्वजनिक परिवहन के अधिकतम उपयोग जैसी पहल शामिल हैं। उन्होंने कहा कि मेट्रो और डीटीसी बसों का अधिक उपयोग न केवल ईंधन की बचत करेगा, बल्कि ट्रैफिक जाम और प्रदूषण को कम करने में भी प्रभावी भूमिका निभाएगा। दिल्ली सरकार का उद्देश्य राजधानी को अधिक स्वच्छ, सुगम और पर्यावरण-अनुकूल बनाना है।
मुख्यमंत्री ने दिल्लीवासियों से अपील की कि सभी नागरिक यथासंभव सार्वजनिक परिवहन का अधिक से अधिक उपयोग करें। इससे ईंधन की बचत होगी और प्रदूषण व ट्रैफिक जाम जैसी समस्याओं को कम करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि यदि लोग अपनी दिनचर्या में मेट्रो, डीटीसी बसों और अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों को शामिल करना शुरू करें, तो राजधानी को अधिक स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल बनाया जा सकता है।
रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने और लास्ट माइल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि ‘मेट्रो मंडे’ के तहत मंत्रियों, विधायकों और अधिकारियों ने भी सार्वजनिक परिवहन का उपयोग कर लोगों को प्रेरित करने का प्रयास किया है। मुख्यमंत्री ने दिल्लीवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप विकसित दिल्ली का लक्ष्य जरूर हासिल किया जाएगा।





