दिल्ली

Delhi Encounter News: पुष्प विहार में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, प्रिंस तेवतिया गैंग के तीन आरोपी गिरफ्तार

Delhi Encounter News: पुष्प विहार में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, प्रिंस तेवतिया गैंग के तीन आरोपी गिरफ्तार

रिपोर्ट: रवि डालमिया

दक्षिण दिल्ली के पुष्प विहार इलाके में दिल्ली पुलिस और बदमाशों के बीच देर रात हुई मुठभेड़ में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई दिल्ली पुलिस के स्पेशल स्टाफ और एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (AATS) की टीम ने संयुक्त रूप से की। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राकेश उर्फ राका, सोनू उर्फ अड्डू और भारत के रूप में हुई है। तीनों कथित तौर पर प्रिंस तेवतिया गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक टीम को इलाके में संदिग्ध बदमाशों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने निगरानी बढ़ाई और बाइक पर सवार तीन संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार बदमाशों ने पुलिस पर करीब छह राउंड गोलियां चलाईं। जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में छह राउंड फायरिंग की। इस दौरान राकेश उर्फ राका और सोनू उर्फ अड्डू के पैर में गोली लग गई, जिससे वे घायल होकर गिर पड़े। वहीं तीसरे आरोपी भारत ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उसे भी पकड़ लिया।

मुठभेड़ के दौरान बदमाशों द्वारा चलाई गई गोलियां हेड कांस्टेबल संदीप और अरविंद की बुलेटप्रूफ जैकेट में लगीं। राहत की बात यह रही कि दोनों पुलिसकर्मी सुरक्षा जैकेट पहने हुए थे, जिसके कारण उनकी जान बच गई और वे सुरक्षित रहे। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर जांच शुरू कर दी गई।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक बाइक और अन्य सामान भी बरामद किया है। घायल बदमाशों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि तीसरे आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड, गैंग कनेक्शन और अन्य मामलों में उनकी भूमिका की जांच कर रही है।

सूत्रों के अनुसार प्रिंस तेवतिया गैंग से जुड़े बदमाश लंबे समय से दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय बताए जा रहे हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने और अन्य साथियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

Related Articles

Back to top button