Uttar Pradesh : हापुड़ में सांसद प्रतिनिधि की बेटी की शादी में 1.80 लाख रुपये चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

Hapur News : हापुड़ में मेरठ-हापुड़ लोकसभा क्षेत्र से सांसद अरुण गोविल के प्रतिनिधि और प्रमुख व्यापारी नेता अशोक बबली की बेटी की शादी में चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से चोरी किए गए 1.80 लाख रुपये नकद, एक चाकू और शादी में आए गणमान्य लोगों द्वारा दिए गए बधाई के खाली लिफाफे बरामद हुए हैं।
थाना देहात प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि यह घटना बीते 11 जुलाई को सांसद प्रतिनिधि अशोक बबली की पुत्री के विवाह समारोह के दौरान हुई थी। इस वीआईपी शादी में क्षेत्र के विधायक, बड़े व्यापारी नेता और शहर की कई गणमान्य हस्तियां शामिल थीं। समारोह के दौरान एक शातिर चोर कमरे की खिड़की के रास्ते अंदर घुसा और कन्यादान में मिले रुपयों से भरा ट्रॉली बैग चुरा ले गया।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष की तहरीर पर देहात थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस चोर की तलाश में जुटी थी। रविवार रात को हापुड़ देहात थाने के उपनिरीक्षक रविंद्र कुमार अपनी टीम के साथ भीमनगर क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने एलएन रोड से लोधीपुर जाने वाले मार्ग पर नाकेबंदी की और आरोपी को भागने की कोशिश करते हुए दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम संजू बताया, जो भीमनगर का ही रहने वाला है। तलाशी लेने पर उसके पास से चोरी का ट्रॉली बैग और 1.80 लाख रुपये नकद बरामद हुआ। इसके अलावा बैग से 14 ऐसे खाली लिफाफे भी मिले, जिन पर शहर के प्रतिष्ठित लोगों और विधायकों के नाम लिखे थे। आरोपी संजू ने कबूल किया कि बैग में कुल रकम ज्यादा थी, जिसमें से 5.10 लाख रुपये उसने खर्च कर दिए हैं। पुलिस आरोपी को जेल भेजकर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।





