Mayur Vihar Mystery: मयूर विहार के स्टार सिटी मॉल की पार्किंग में कार के अंदर मिला व्यक्ति का शव

Mayur Vihar Mystery: मयूर विहार के स्टार सिटी मॉल की पार्किंग में कार के अंदर मिला व्यक्ति का शव
रिपोर्ट: रवि डालमिया
पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार इलाके में स्टार सिटी मॉल की पार्किंग में खड़ी एक कार के भीतर एक व्यक्ति का शव संदिग्ध हालात में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान नरेंद्र कुमार के रूप में हुई है।
एडिशनल सीपी अभिषेक धानिया के अनुसार, 23 फरवरी 2026 को शाम करीब 5:55 बजे पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली कि मॉल की पार्किंग में खड़ी कार के अंदर व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को देखा और तुरंत प्राथमिक जांच शुरू की। शुरुआती निरीक्षण में शरीर पर किसी बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए, लेकिन शव कार में मिलने से आसपास के लोगों में डर और चिंता फैल गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए क्राइम टीम को बुलाकर मौके का बारीकी से निरीक्षण कराया गया। पार्किंग में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, लेकिन किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि सामने नहीं आई। फुटेज के अनुसार, दोपहर 12:05 बजे के बाद मृतक की कोई हलचल दर्ज नहीं हुई। तलाशी के दौरान मृतक के पास अस्थमा से संबंधित दवाएं भी बरामद हुई हैं।
एडिशनल सीपी अभिषेक धानिया ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्राकृतिक मौत का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जा सकेगी। शव को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल भेज दिया गया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
कार के अंदर शव मिलने की घटना से आसपास का क्षेत्र कुछ समय के लिए दहशत में रहा। पुलिस ने कहा कि सभी पहलुओं पर ध्यान देते हुए मामले की जांच जारी है और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
‘कोटा फैक्ट्री’ सीजन 3: जितेंद्र कुमार की दमदार ड्रामा नेटफ्लिक्स पर आएगी, रिलीज डेट सामने आई





