Noida Suicide Case: छात्रा की आत्महत्या मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरा फरार

Noida Suicide Case: छात्रा की आत्महत्या मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरा फरार
नोएडा के थाना सेक्टर-63 क्षेत्र में सातवीं कक्षा की एक 13 वर्षीय छात्रा द्वारा आत्महत्या किए जाने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी अब भी फरार है। इस मामले ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। किशोरी के भाई ने आरोप लगाया था कि पड़ोस के युवक उसकी बहन को निजी फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहे थे और उस पर अपने साथियों के साथ शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बना रहे थे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मूल रूप से महोबा का रहने वाला एक व्यक्ति अपने परिवार के साथ लंबे समय से सेक्टर-63 क्षेत्र में रह रहा है। उसकी 13 वर्षीय बेटी पास ही अपनी मौसी के घर रहकर सातवीं कक्षा की पढ़ाई कर रही थी। घटना से तीन दिन पहले किशोरी के माता-पिता एक शादी समारोह में गांव गए हुए थे। शनिवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे उसका भाई ड्यूटी पर चला गया, जबकि किशोरी घर में अकेली थी।
रात करीब आठ बजे किशोरी ने अपने भाई को फोन कर सब्जी लाने के लिए कहा। भाई जब पौने दस बजे घर पहुंचा तो दरवाजा खुला मिला। कमरे में दाखिल होते ही उसने अपनी बहन को फंदे से लटका पाया। उसकी सांसें चल रही थीं और पैर जमीन को छू रहे थे। युवक ने तुरंत रिश्तेदारों को सूचना दी और डायल-112 पर कॉल किया। आसपास के लोगों की मदद से किशोरी को नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में उसे फेज-3 थाना क्षेत्र के एक अस्पताल में रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जांच के दौरान किशोरी की एक डायरी मिली, जिसमें उसने अपनी आपबीती लिखी थी। डायरी में उल्लेख था कि पड़ोस में रहने वाले युवक अरबाज, समीर और एक अन्य साथी उसे निजी फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहे थे। साथ ही तीनों के साथ शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाल रहे थे। इस मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर उसने यह कदम उठाने की बात लिखी।
घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश देखने को मिला। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर रविवार सुबह हिंदू संगठनों के लोगों ने परिवार के साथ धरना-प्रदर्शन भी किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सोमवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बहलोलपुर निवासी समीर और अरबाज के रूप में हुई है। तीसरे आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।
Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ




