Delhi Crime: शास्त्री पार्क हत्या कांड सुलझा, लूट के विरोध में की गई थी मुसरफ की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

Delhi Crime: शास्त्री पार्क हत्या कांड सुलझा, लूट के विरोध में की गई थी मुसरफ की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार
रिपोर्ट: रवि डालमिया
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क थाना क्षेत्र में हुई हत्या की वारदात को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने हत्या के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से मृतक का लूटा गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 14 और 15 जून 2026 की मध्यरात्रि को शास्त्री पार्क इलाके में एक घायल व्यक्ति के सुष्रुत ट्रॉमा सेंटर में भर्ती होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम जीटी रोड स्थित युधिष्ठिर सेतु पर पहुंची, जहां सड़क पर खून के धब्बे मिले। इसके बाद फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया और घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए गए।
जांच के दौरान अस्पताल से पुलिस को जानकारी मिली कि एक अज्ञात व्यक्ति को चाकू लगने के कारण गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। इस मामले में थाना शास्त्री पार्क में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत एफआईआर संख्या 181/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस जांच में मृतक की पहचान मुसरफ (26) निवासी चांदोली, अलवर राजस्थान के रूप में हुई। मुसरफ दिल्ली और जयपुर के बीच चलने वाली पर्यटक बस में हेल्पर का काम करता था। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जीटीबी अस्पताल भेज दिया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी राहुल अलवाल के नेतृत्व में और थाना शास्त्री पार्क के एसएचओ मनजीत तोमर की निगरानी में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल, आसपास के इलाकों और विभिन्न जांच स्रोतों के माध्यम से आरोपियों तक पहुंचने के लिए लगातार प्रयास किए।
जांच के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनवर और इरशाद के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने मुसरफ को लूटने की कोशिश की थी।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि लूट का विरोध करने पर उन्होंने मुसरफ पर चाकू से हमला कर दिया और उसका मोबाइल फोन लूटकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल फोन और हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने हत्या और लूट की इस वारदात का खुलासा कर दिया है।
Seelampur Murder Case: दिल्ली के सीलमपुर में चाय पी रहे बुजुर्ग की चाकू से हत्या, आरोपी भी घायल





