उत्तर प्रदेश : हापुड़ के धौलाना औद्योगिक क्षेत्र फेस-2 की प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण आग, लाखों का नुकसान

Hapur News : जनपद हापुड़ के थाना धौलाना क्षेत्र के औद्योगिक क्षेत्र फेस-2 में स्थित प्लास्टिक के कट्टे (बोरे) बनाने वाली फैक्ट्री में रविवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई और आसपास की इकाइयों में हड़कंप मच गया। मसूरी-गुलावठी रोड स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में संचालित इस फैक्ट्री में उस समय कई कर्मचारी काम कर रहे थे।
आग की लपटें और धुएं का घना गुबार उठता देख कर्मचारियों ने तुरंत बाहर की ओर भागकर अपनी जान बचाई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ ही मिनटों में आग ने फैक्ट्री के अंदर रखे प्लास्टिक के कच्चे माल और तैयार माल को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।
दमकल कर्मियों ने एहतियात के तौर पर आसपास की फैक्ट्रियों को भी सतर्क कर दिया ताकि आग अन्य इकाइयों तक न फैल सके। संकरी गली और फैक्ट्री में भारी मात्रा में मौजूद प्लास्टिक सामग्री के कारण आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। खबर लिखे जाने तक दमकल की टीमें लगातार आग बुझाने में जुटी हुई थीं।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार इस घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस और अग्निशमन विभाग मामले की जांच में जुटे हैं, जबकि स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र में घेराबंदी कर एहतियाती कदम उठाए हैं।





