भारत

Greater Noida Theft: जैन मंदिर से 800 साल पुरानी अष्टधातु प्रतिमा चोरी, दो कर्मचारी गिरफ्तार

Greater Noida Theft: जैन मंदिर से 800 साल पुरानी अष्टधातु प्रतिमा चोरी, दो कर्मचारी गिरफ्तार

नोएडा। ग्रेटर नोएडा के थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सैनी सुनपुरा स्थित एक प्राचीन जैन मंदिर में चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मंदिर में कार्यरत दो कर्मचारियों ने करीब 800 वर्ष पुरानी अष्टधातु से निर्मित दुर्लभ प्रतिमा और अन्य कीमती धार्मिक वस्तुएं चोरी कर लीं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किया गया सामान बरामद कर लिया है।

थाना ईकोटेक-3 के प्रभारी निरीक्षक के अनुसार, मंदिर के अकाउंटेंट सतीश कुमार ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि मंदिर परिसर से प्राचीन और दुर्लभ मूर्तियां व अन्य चांदी के धार्मिक सामान गायब हो गए हैं। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले।

जांच के दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने मुलायम सिंह पुत्र परसू सिंह निवासी मध्य प्रदेश तथा चेतन पुत्र जयप्रकाश निवासी गौतमबुद्ध नगर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी मंदिर में ही कार्यरत थे और उन्हें मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था तथा कीमती वस्तुओं की पूरी जानकारी थी। इसी का फायदा उठाकर उन्होंने चोरी की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अष्टधातु से निर्मित प्राचीन प्रतिमा, चांदी की पांडूशीला के आठ टुकड़े, चांदी का एक नारियल, चांदी का कलश सहित अन्य धार्मिक सामग्री बरामद की है। बरामद प्रतिमा को लगभग 800 वर्ष पुराना बताया जा रहा है, जिसकी ऐतिहासिक और धार्मिक दृष्टि से अत्यधिक महत्ता है। विशेषज्ञों से इसकी प्रामाणिकता और मूल्यांकन के लिए संपर्क किया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं इस चोरी के पीछे कोई बड़ा गिरोह तो सक्रिय नहीं था या चोरी की वस्तुओं को बेचने की पहले से कोई योजना बनाई गई थी। फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

मंदिर प्रबंधन और स्थानीय श्रद्धालुओं में इस घटना को लेकर रोष है। लोगों ने प्राचीन धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाएगी और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button