Sunday, 8 November 2026निष्पक्ष खबरें • बेबाक नज़रिया
TOP STORY
THE COMPLETE NEWSROOMखबर पूरी। नज़रिया साफ़।भारत से आपके शहर तक
▤ ई-पेपर पढ़ें ↗
BREAKING NEWS
Lucknow : योगी सरकार का राज्य कर्मचारियों को दीपावली का तोहफा, महंगाई भत्ता 58 से बढ़ाकर 63 प्रतिशत कियाLucknow : सीएम योगी के नेतृत्व में सौर क्रांति की ओर उत्तर प्रदेश, पीएम सूर्य घर योजना में देश में पहले नंबर परAyodhya : देश में श्रीराम के आचरण को जी रहे दो योगी, एक ‘कर्मयोगी’ मोदी और दूसरे सीएम योगी- सी.पी. राधाकृष्णनAyodhya : पुष्पक विमान से उतरे प्रभु श्रीराम, सीएम योगी ने माला पहनाकर किया स्वागतAyodhya : रामभक्तों पर गोली चलाने और संतों का अपमान करने वाले अयोध्या आएं तो माफी मांगकर आएं- मुख्यमंत्रीAyodhya : राम भारत की आत्मा और राष्ट्रीय चेतना के आधार, दीपोत्सव भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का वैश्विक उत्सव- राज्यपालAyodhya : योगी सरकार में संभव हुआ मां कौशल्या की पहली शोभायात्रा का आयोजनAyodhya : श्रीरामजन्मभूमि मंदिर संपूर्ण हिंदू स्वाभिमान का स्मारक- उपराष्ट्रपति

CBSE Board Exam: गणित का आसान प्रश्न पत्र देख खिले छात्रों के चेहरे

CBSE Board Exam: गणित का आसान प्रश्न पत्र देख खिले छात्रों के चेहरे

नोएडा। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की हाई स्कूल और इंटरमीडिएट की वार्षिक बोर्ड परीक्षाएं मंगलवार से जिले में शांतिपूर्ण माहौल में शुरू हो गईं। पहले दिन 57 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित परीक्षा में 50 हजार से अधिक परीक्षार्थियों को शामिल होना था, जिनमें से करीब 60 छात्र-छात्राएं अनुपस्थित रहे। कक्षा 10 के गणित विषय का प्रश्न पत्र अपेक्षाकृत आसान आने से छात्रों के चेहरे खिल उठे और परीक्षा केंद्रों से बाहर निकलते समय उनके आत्मविश्वास में साफ बढ़ोतरी दिखाई दी।
सुबह 10:30 बजे से परीक्षा निर्धारित थी, लेकिन सुरक्षा और जांच प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए 9:30 बजे से ही केंद्रों पर प्रवेश शुरू कर दिया गया था। कई अभिभावक अपने बच्चों के साथ सुबह नौ बजे से पहले ही परीक्षा केंद्रों पर पहुंच गए। प्रवेश से पहले छात्रों की सघन जांच की गई और परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले उन्हें कक्ष में बैठा दिया गया। सीबीएसई के दिशा-निर्देशों के अनुसार विद्यार्थियों को प्रश्न पत्र पढ़ने के लिए अतिरिक्त 15 मिनट का समय दिया गया, जिससे वे प्रश्नों को समझकर बेहतर रणनीति बना सकें।
गणित की परीक्षा देकर बाहर निकले विद्यार्थियों ने बताया कि प्रश्न पत्र थोड़ा लंबा जरूर था, लेकिन अधिकांश प्रश्न पाठ्यक्रम के भीतर से ही पूछे गए थे। बहुविकल्पीय प्रश्नों को हल करने में ज्यादा समय नहीं लगा, जबकि सेक्शन सी और डी के कुछ प्रश्नों में थोड़ी अधिक मेहनत करनी पड़ी। कई छात्रों ने कहा कि समय प्रबंधन के कारण पूरा पेपर आराम से हल हो गया। छात्रों ने बेहतर अंक मिलने की उम्मीद जताई और पहली परीक्षा के बाद उनका तनाव भी काफी हद तक कम हो गया।
मंगलवार को कक्षा 12 की एंटरप्रेन्योरशिप विषय की परीक्षा भी आयोजित की गई। बुधवार को 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों की शारीरिक शिक्षा विषय की परीक्षा होगी। एपीजे स्कूल की प्रधानाचार्य एवं सीबीएसई की नगर समन्वयक डॉ. नेहा शर्मा ने बताया कि सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। कहीं से भी किसी प्रकार की अनियमितता की सूचना नहीं मिली।
परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी व्यवस्था की गई थी। सभी कक्षों में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी गई। प्रत्येक कक्षा में दो से तीन शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई थी ताकि परीक्षा निष्पक्ष रूप से संपन्न हो सके। प्रवेश पत्र के साथ स्कूल आईडी कार्ड अनिवार्य किया गया था। सीबीएसई के अधिकारियों ने विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और स्कूल परिसरों में बनाए गए कंट्रोल रूम की भी जांच की।
छात्रा धानी शर्मा ने कहा कि प्रश्न पत्र मिलने से पहले घबराहट थी, लेकिन पेपर देखने के बाद डर खत्म हो गया क्योंकि सभी प्रश्न पाठ्यक्रम आधारित थे। वहीं छात्र रचित चौहान ने बताया कि गणित का प्रश्न पत्र आसान रहा और बहुविकल्पीय प्रश्नों से अच्छे अंक मिलने की उम्मीद है। उनका कहना था कि पहली परीक्षा सफलतापूर्वक देने के बाद आगे की परीक्षाओं को लेकर आत्मविश्वास बढ़ा है।

इस खबर पर आपकी प्रतिक्रिया

Avatar photo
संवाददाता

Tirthankar Sarkar

संबंधित खबरें