उत्तर प्रदेश : होली पर हापुड़ को मिली सौगात, नई दिल्ली-गोरखपुर और दिल्ली-सीतामढ़ी स्पेशल ट्रेनों का होगा ठहराव

Hapur News : हापुड़ में होली के अवसर पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे ने त्योहार के मद्देनजर होली स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। नई दिल्ली-गोरखपुर और दिल्ली-सीतामढ़ी के बीच चलाई जाने वाली दो विशेष ट्रेनों को हापुड़ रेलवे स्टेशन पर भी ठहराव दिया गया है, जिससे स्थानीय यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा और उन्हें अन्य स्टेशनों पर जाने की परेशानी से राहत मिलेगी।

होली पर पूर्वांचल और बिहार की ओर जाने वाली अधिकांश ट्रेनों में सीटें पहले ही भर चुकी हैं। अवध असम एक्सप्रेस, काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस और पद्मावत एक्सप्रेस सहित कई प्रमुख ट्रेनों के एसी कोच में भी यात्रियों को आरक्षण नहीं मिल पा रहा है। बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन का फैसला लिया है ताकि त्योहार पर घर जाने वालों को सुविधा मिल सके।

नई दिल्ली से गोरखपुर के बीच संचालित होने वाली होली स्पेशल ट्रेन 20 और 27 फरवरी तथा छह मार्च को नई दिल्ली से चलाई जाएगी। यह ट्रेन दोपहर दो बजे दिल्ली से रवाना होकर गाजियाबाद के रास्ते 3 बजकर 32 मिनट पर हापुड़ रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। यहां दो मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन मुरादाबाद के लिए रवाना हो जाएगी। वापसी में यह ट्रेन गोरखपुर से 21 और 28 फरवरी तथा सात मार्च को चलेगी और रात 9 बजकर 8 मिनट पर हापुड़ पहुंचेगी। यहां संक्षिप्त ठहराव के बाद ट्रेन गाजियाबाद के लिए प्रस्थान करेगी।

दिल्ली से सीतामढ़ी के बीच चलाई जाने वाली स्पेशल ट्रेन 26 फरवरी और पांच मार्च को दिल्ली से रात 11 बजकर 5 मिनट पर रवाना होगी और 12 बजकर 48 मिनट पर हापुड़ पहुंचेगी। दो मिनट रुकने के बाद यह मुरादाबाद की ओर बढ़ेगी। वापसी में यह ट्रेन 27 फरवरी और छह मार्च को सीतामढ़ी से रात 11 बजकर 55 मिनट पर चलेगी और अगली रात 9 बजकर 21 मिनट पर हापुड़ पहुंचेगी, जहां से दो मिनट बाद गाजियाबाद के लिए रवाना होगी।

मुरादाबाद रेल मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता ने बताया कि होली के मद्देनजर अधिकांश ट्रेनों में सीटें पहले ही फुल हो चुकी हैं। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। हापुड़ रेलवे स्टेशन पर दो स्पेशल ट्रेनों को ठहराव दिए जाने से क्षेत्र के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा और उनकी यात्रा अधिक सुगम हो सकेगी।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img