Metro Record: एनएमआरसी ने बनाया नया रिकॉर्ड, 13 अगस्त को 93,887 यात्रियों ने किया सफर

Metro Record: एनएमआरसी ने बनाया नया रिकॉर्ड, 13 अगस्त को 93,887 यात्रियों ने किया सफर

नोएडा। नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (एनएमआरसी) ने 13 अगस्त 2026 को दैनिक यात्री संख्या का अब तक का सर्वाधिक रिकॉर्ड दर्ज किया। इस दिन नोएडा-ग्रेटर नोएडा मेट्रो कॉरिडोर पर कुल 93,887 यात्रियों ने सफर किया। एनएमआरसी के परिचालन इतिहास में यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। रिकॉर्ड यात्री संख्या से मेट्रो सेवा के प्रति बढ़ते भरोसे और सार्वजनिक परिवहन की बढ़ती मांग का संकेत मिला है।

यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए एनएमआरसी अब मेट्रो स्टेशनों तक और स्टेशनों से यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दे रहा है। इस संबंध में 4 अगस्त 2026 को मेरठ मंडलायुक्त कार्यालय में दोपहर 1:30 बजे हुई बैठक में नोएडा और गाजियाबाद के मेट्रो स्टेशनों से लास्ट माइल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने की आवश्यकता पर चर्चा हुई थी।

इसी दिशा में एनएमआरसी ने ऑटो रिक्शा, ई-रिक्शा, कैब, टैक्सी और बाइक जैसी परिवहन सेवाओं को एक संगठित व्यवस्था के तहत मेट्रो से जोड़ने की पहल शुरू की है। इसका उद्देश्य यात्रियों को स्टेशन से उनके गंतव्य तक सुविधाजनक, भरोसेमंद और व्यवस्थित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है। एनएमआरसी की ओर से इस संबंध में रैपिडो और सहकार टैक्सी के साथ बातचीत की जा रही है।

अधिकारियों का मानना है कि लास्ट माइल कनेक्टिविटी मजबूत होने से ज्यादा लोग मेट्रो का इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित होंगे। इससे भविष्य में यात्री संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है। यात्रियों की संख्या बढ़ने से किराया आधारित आय के साथ गैर-किराया राजस्व में भी बढ़ोतरी हो सकती है। साथ ही मौजूदा मेट्रो बुनियादी ढांचे का बेहतर उपयोग और परिचालन दक्षता बढ़ने की उम्मीद है।

एनएमआरसी के अनुसार, मेट्रो और अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों के बीच बेहतर समन्वय से यात्रियों को सुविधा मिलने के साथ संगठन की वित्तीय स्थिरता को भी मजबूती मिलेगी। 13 अगस्त को दर्ज 93,887 यात्रियों की रिकॉर्ड संख्या इसी बढ़ती मांग का महत्वपूर्ण संकेत मानी जा रही है।

 

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img