Noida Cyber Crime: नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले 5 साइबर ठग गिरफ्तार, कंपनी डाटा चोरी कर करते थे फर्जीवाड़ा

Noida Cyber Crime: नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले 5 साइबर ठग गिरफ्तार, कंपनी डाटा चोरी कर करते थे फर्जीवाड़ा
नोएडा साइबर क्राइम थाना पुलिस ने नौकरी और प्रशिक्षण दिलाने के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने सेक्टर-63 से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि गिरोह के सदस्य कंपनियों का डाटा चोरी कर लोगों को कॉल करते थे और नौकरी व ट्रेनिंग दिलाने का झांसा देकर ठगी करते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नौ मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, 17 सिम कार्ड, चार डेबिट कार्ड, दो कंपनी मोहर, चेक बुक, पासबुक और कॉलिंग डाटा बरामद किया है। साइबर क्राइम पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद 23 जून को कार्रवाई करते हुए गिरोह का खुलासा किया। जांच में सामने आया कि आरोपी अन्य कंपनियों से जुड़े डाटा को हासिल करते थे। इसके बाद उस डाटा में मौजूद लोगों से संपर्क कर उन्हें नामी कंपनियों में नौकरी और प्रशिक्षण दिलाने का भरोसा देते थे। बातचीत के दौरान आरोपी लोगों से अलग-अलग शुल्क के नाम पर पैसे ऐंठते थे। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एटा निवासी आदित्य चौहान, दिल्ली निवासी सुमित कुमार, कानपुर नगर निवासी सूरज गुप्ता, फिरोजाबाद निवासी रिषभ और सुल्तानपुर निवासी गौरव पाठक के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपी पढ़े-लिखे हैं। इनमें आदित्य और सूरज बीसीए, रिषभ बीएससी और गौरव पाठक बीए तक शिक्षित हैं। आरोपियों ने अपनी तकनीकी जानकारी का इस्तेमाल साइबर ठगी के लिए किया। उत्तर प्रदेश, बिहार और महाराष्ट्र में दर्ज हैं मामले पुलिस जांच में पता चला है कि इस गिरोह के खिलाफ उत्तर प्रदेश, बिहार और महाराष्ट्र में कुल पांच शिकायतें दर्ज हैं। इनमें उत्तर प्रदेश से एक, बिहार से एक और महाराष्ट्र से तीन शिकायतें शामिल हैं। इस मामले में साइबर क्राइम थाना गौतमबुद्धनगर में मुकदमा संख्या 173/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 319(2), 238(सी), 61(2) और आईटी एक्ट की धारा 66सी व 66डी के तहत कार्रवाई की है। साइबर पुलिस ने लोगों को किया अलर्ट साइबर क्राइम पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि नौकरी या प्रशिक्षण के नाम पर आने वाले किसी भी अनजान कॉल, मैसेज या ई-मेल पर बिना जांच के भरोसा न करें। पुलिस ने सलाह दी है कि नौकरी से जुड़ी जानकारी हमेशा संबंधित कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट या अधिकृत माध्यम से ही प्राप्त करें। किसी भी व्यक्ति को नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे देने से पहले पूरी जांच जरूर करें। इसके अलावा आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक खाते की जानकारी और ओटीपी जैसी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की अपील की गई है। साइबर ठगी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने को कहा गया है।





