Noida Cycling: प्रधानमंत्री की अपील के बाद साइकिलिंग का बढ़ा क्रेज, कारोबार में 30 फीसदी उछाल
Noida Cycling: प्रधानमंत्री की अपील के बाद साइकिलिंग का बढ़ा क्रेज, कारोबार में 30 फीसदी उछाल
नोएडा। फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और ईंधन की बचत को लेकर बढ़ती जागरूकता के बीच नोएडा में साइकिलिंग का चलन तेजी से बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री की साइकिलिंग और ईंधन बचत संबंधी अपील के बाद शहर में साइकिलों की मांग में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। कारोबारियों के अनुसार पिछले कुछ समय में साइकिल कारोबार में करीब 30 प्रतिशत तक का उछाल देखने को मिला है।
साइकिल विक्रेताओं का कहना है कि नोएडा के लोग अब केवल लग्जरी कारों और मोटरसाइकिलों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि प्रीमियम और हाई-एंड साइकिलों के प्रति भी उनका आकर्षण तेजी से बढ़ा है। शहर में पांच हजार रुपये से लेकर एक लाख रुपये या उससे अधिक कीमत वाली साइकिलों की अच्छी मांग है। स्वास्थ्य के प्रति सजग युवा, पेशेवर और वरिष्ठ नागरिक बड़ी संख्या में साइकिलिंग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना रहे हैं।
सेक्टर-9 स्थित एक साइकिल स्टोर के संचालक राजेश के अनुसार उनके यहां पांच हजार से पंद्रह हजार रुपये तक की विभिन्न श्रेणी की साइकिलें उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि युवाओं में गियर वाली साइकिलों की मांग सबसे अधिक है, जबकि दैनिक उपयोग के लिए लोग मजबूत और टिकाऊ साइकिलों को प्राथमिकता देते हैं। वहीं सेक्टर-52 के व्यापारी सुरेश का कहना है कि अभिभावक अपने बच्चों के लिए भी बड़ी संख्या में साइकिलें खरीद रहे हैं, क्योंकि साइकिल बच्चों को संतुलन, नियंत्रण और दोपहिया वाहन चलाने की शुरुआती समझ विकसित करने में मदद करती है।
व्यापारियों के अनुसार बाजार में मुख्य रूप से तीन प्रकार की साइकिलें उपलब्ध हैं—माउंटेन बाइक, रोड बाइक और हाईब्रिड बाइक। रोड बाइक सबसे महंगी श्रेणी में आती हैं, जिनकी कीमत 40 हजार रुपये से शुरू होकर एक लाख रुपये या उससे अधिक तक पहुंच सकती है। ये चिकनी सड़कों और लंबी दूरी की तेज रफ्तार साइकिलिंग के लिए उपयुक्त होती हैं।
माउंटेन बाइकें खुरदरे रास्तों और ऑफ-रोड ट्रैक के लिए बनाई जाती हैं। इनके चौड़े टायर और मजबूत ढांचा कठिन रास्तों पर बेहतर प्रदर्शन करते हैं। इनकी कीमत सामान्यतः 5 से 7 हजार रुपये से शुरू होकर एक लाख रुपये तक पहुंच सकती है। वहीं हाईब्रिड बाइकें रोड और ऑफ-रोड दोनों परिस्थितियों के लिए उपयुक्त मानी जाती हैं और इन्हें बहुउद्देशीय साइकिल के रूप में पसंद किया जाता है।
सेक्टर-50 निवासी राजीव सिंह, जिनकी उम्र 60 वर्ष से अधिक है, साइकिलिंग को अपनी फिटनेस का प्रमुख आधार मानते हैं। उनका कहना है कि नियमित साइकिलिंग ने उन्हें स्वस्थ और सक्रिय बनाए रखा है। उन्होंने बताया कि उनके समूह में 50 से अधिक लोग शामिल हैं, जो रोजमर्रा के छोटे-छोटे कार्यों के लिए साइकिल का ही उपयोग करते हैं। राजीव स्वयं लगभग 60 हजार रुपये कीमत की हाईब्रिड साइकिल चलाते हैं और लोगों को भी साइकिलिंग अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।
वहीं सेक्टर-34 निवासी धर्मेंद्र शर्मा पिछले दस वर्षों से साइकिलिंग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि फिटनेस के उद्देश्य से शुरू किया गया उनका शौक अब एक बड़े साइकिलिंग समुदाय का रूप ले चुका है। उनके समूह में अब तक 200 से अधिक लोग जुड़ चुके हैं, जिनमें युवा, पेशेवर, मध्यम आयु वर्ग और वरिष्ठ नागरिक भी शामिल हैं। यह समूह नियमित रूप से नोएडा से दिल्ली तक साइकिल यात्राएं आयोजित करता है और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि साइकिलिंग न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण, ट्रैफिक कम करने और ईंधन की बचत में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। यही कारण है कि नोएडा सहित देश के कई शहरों में साइकिलिंग को लेकर लोगों का रुझान लगातार बढ़ रहा है।



