उत्तर प्रदेश : हापुड़ के ब्रजघाट में पर्यटन विकास को गति, नौ परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास

Hapur News : पर्यटन एवं संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश के मंत्री जयवीर सिंह ने गढ़मुक्तेश्वर के ब्रजघाट में पर्यटन विभाग द्वारा कराए गए विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कार्यक्रम की शुरुआत आरती स्थल पर मां गंगा की आरती में शामिल होकर की गई। इसके बाद क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं को बढ़ाने के लिए चार परियोजनाओं का लोकार्पण और पांच नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया।
लोकार्पित परियोजनाओं में गंगा क्षेत्र में घाट निर्माण, ब्रजघाट में फसाड लाइटिंग यानी अग्रभाग की प्रकाश व्यवस्था, गढ़मुक्तेश्वर स्थित गंगा मंदिर के पर्यटन विकास कार्य तथा फव्वारा चौक के सौंदर्यीकरण का कार्य शामिल है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
इसके साथ ही पांच नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया गया। इनमें ब्रजघाट गढ़मुक्तेश्वर में टीएफसी कम मल्टीकल्चर हब का निर्माण, प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सुलभ प्रसाधन, पेयजल, आरओ, इंटरलॉकिंग टाइल्स, साइनेज और हाईमास्ट लाइट की व्यवस्था, गढ़मुक्तेश्वर में समेकित पर्यटन सुविधाओं का विकास, ब्रजघाट में मल्टी लेवल पार्किंग और प्रवेश द्वार का निर्माण तथा ग्राम सरावनी स्थित पौराणिक शिव मंदिर के विकास कार्य शामिल हैं।
कार्यक्रम में गढ़मुक्तेश्वर के विधायक हरेंद्र सिंह तेवतिया, जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा नागर, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी मेरठ सहित अन्य संबंधित अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।





